कबाडख़ाना बना बीके अस्पताल में बना करोड़ों का ऑक्सीजन प्लांट

हर साल 20 लाख की ऑक्सीजन बाहर से खरीद रहा अस्पताल

फरीदाबाद। जिला नागरिक अस्पताल में सीएसआर के तहत लगभग पांच वर्ष पहले कोरोना संकट के दौर में लगाया गया ऑक्सीजन प्लांट अब ठप है। प्लांट एक वर्ष तक चालू रहने के बाद अब चार वर्षों से इस प्लांट का सदुपयोग नहीं हो पा रहा है। जिला नागरिक अस्पताल प्रबंधन को बाहर से ऑक्सीजन खरीदनी पड़ रही है। वर्तमान में हाल यह है कि प्लांट में इन दिनों बेकार का सामान जैसे रेहड़ी रिक्शा, कूलर और गार्डनिंग का सामान रखा हुआ है। प्लांट के फिल्टर में कमी है और अस्पताल प्रबंधन इस पर ध्यान नहीं दे रहा है। ऐसे में अस्पताल प्रबंधन हर वर्ष लगभग 20 लाख रुपये की ऑक्सीजन की खरीदारी कर रहा है। आपातकालीन विभाग के बेड तक ऑक्सीजन की पाइपलाइन तो पहुंची हुई है, मगर यहां वेंटिलेटर नहीं है। मॉनिटर भी नहीं है और न ही फ्लोमीटर।

ऐसे में सवाल है कि आपात स्थिति में आने वाले हर मरीज का बीपी और पल्स को कैसे चेक किया जा सके। स्थिति को देख कर अंदाजा लगाया जा सकता है कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कितने गंभीर हैं। बता दें कि कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए 7 अक्टूबर, 2021 को आक्सीजन प्लांट चालू किया गया था। केंद्रीय राज्य मंत्री ने प्लांट का उद्घाटन किया था। जिला नागरिक अस्पताल में 24 घंटे में लगभग 150 मरीज, आते हैं इनमें से 40 रेफर होते हैं। ईश्वर न करे, अगर कोरोना संकट जैसी स्थिति फिर आ जाए तो उससे निपटना स्वास्थ्य विभाग के लिए बड़ी चुनौती होगी। इन दिनों मौसम बदला हुआ है और सर्दी ने अपना अहसास करना शुरू कर दिया है। ऐसे में यहां सांस के रोगी अधिक आ रहे हैं और इन लोगों को रेफर किया जा है। सांस की तकलीफ से पहले संजय कालोनी निवासी सुभाषी देवी भी मंगलवार को इलाज के लिए अस्पताल आई थी। गंभीर स्थिति का हवाला देते हुए महिला को यहां से दिल्ली रेफर किया गया। पुत्र राजेश ने बताया कि उनकी माता की तबीयत को देखते हुए दिल्ली जाने को कहा गया है।

फरीदाबाद रेफर मुक्ति संघर्ष समिति के संयोजक सतीश चोपड़ा ने बताया कि उन्होंने आक्सीजन प्लांट चालू करवाने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री नायब सिंह और स्वास्थ्य मंत्री आरती राव से दो बार मुलाकात की है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से भी सुधार की मांग की है। मगर व्यवस्था में सुधार नजर नहीं आ रहा है। इससे बड़ी चिंताजनक बात क्या होगी कि आपातकालीन विभाग में वेंटिलेटर ही नहीं है।  मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. जयंत आहूजा का कहना है कि हम मरीजों के लिए बाहर से आक्सीजन खरीद रहे हैं। किसी भी तरह से मरीजों के इलाज में कोई कमी नहीं है। जरूरत के अनुसार मरीजों को आक्सीजन उपलब्ध करा रहे हैं। आक्सीजन प्लांट में फिल्टर की थोड़ी सी कमी चल रही ह। इसे जल्दी ही ठीक करा दिया जाएगा। आपातकालीन विभाग में फ्लोमीटर और मानिटर लगे हुए हैं। चेक करा लेते हैं। कमी होगी तो उसे दूर किया जाएगा। अस्पताल में बच्चों की नर्सरी में वेंटिलेटर लगे हुए हैं। जरूरत पडऩे पर बच्चों को आक्सीजन उपलब्ध कराई जाती है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.