रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाया श्री लक्ष्मीनारायण दिव्यधाम, मनमोहक सजावट ने मोहा श्रद्धालुओं का मन

फरीदाबाद। दीपावली के पावन पर्व के आगमन से पहले ही सूरजकुंड रोड, सेक्टर-44 स्थित श्री लक्ष्मीनारायण दिव्यधाम (श्री सिद्धदाता आश्रम) रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा है। दीपोत्सव के स्वागत में पूरे आश्रम परिसर को आकर्षक विद्युत सजावट और मनमोहक रोशनी से इस तरह सजाया गया है कि दिव्यधाम की भव्यता देखते ही बनती है। सुंदर एवं आकर्षक सजावट को देखकर यहां आने वाले श्रद्धालु भी आनंद और उल्लास से भर उठे हैं। दीपावली के अवसर पर दिव्यधाम का अलौकिक सौंदर्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। रंग-बिरंगी रोशनियों से सुसज्जित मंदिर परिसर में आध्यात्मिकता और उत्सव का अद्भुत संगम दिखाई दे रहा है। हर वर्ष दीपावली, नववर्ष और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी जैसे प्रमुख पर्वों पर यहां विशेष सजावट की जाती है,

जिसे देखने और भगवान श्रीलक्ष्मीनारायण के दर्शन करने के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इनमें दो दर्जन से अधिक देशों के भक्त भी शामिल रहते हैं। आश्रम के अधिपति, अनंत श्री विभूषित इंद्रप्रस्थ एवं हरियाणा पीठाधीश्वर श्रीमद् जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी श्री पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज ने दीपावली के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व हमें जीवन के अंधकार को मिटाकर प्रकाश की ओर बढऩे का संदेश देता है। भगवान श्रीराम जब अमावस्या की रात्रि में अयोध्या लौटे थे, तब उनकी प्रजा ने दीप प्रज्वलित कर उनका स्वागत किया था। यह परंपरा आज भी हमें धर्म, सत्य और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। गुरुदेव ने संदेश दिया कि हमें अन्याय के विरुद्ध खड़े होने वाले नायकों का साथ देना चाहिए और इस समस्त ब्रह्मांड के नायक भगवान श्रीमन्नारायण की आराधना करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि दीपावली पर हम सभी महालक्ष्मी का पूजन करते हैं, लेकिन लक्ष्मीपति भगवान श्रीमन्नारायण को भी स्मरण रखना चाहिए। महालक्ष्मी की कृपा और वैभव का वास्तविक महत्व तभी है, जब जीवन में धर्म, सदाचार और सेवा का भाव हो। उन्होंने कहा कि श्री लक्ष्मीनारायण दिव्यधाम लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। यहां आने वाले भक्त धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष की कामना लेकर भगवान के चरणों में शीश नवाते हैं। आश्रम परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाने का उद्देश्य अपने आराध्य भगवान श्रीलक्ष्मीनारायण के स्वागत के साथ-साथ भक्तों के मन में भी आनंद, उत्साह और आध्यात्मिक उल्लास का संचार करना है। दीपावली के स्वागत में जगमगाता श्री लक्ष्मीनारायण दिव्यधाम इन दिनों श्रद्धा, भक्ति और उत्सव के अनूठे रंग बिखेर रहा है। यहां की भव्य सजावट और दिव्य वातावरण श्रद्धालुओं को आनंदित कर रहा है तथा प्रकाश पर्व के आध्यात्मिक संदेश को साकार कर रहा है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.