साइबर ठगी का पर्दाफाश करने वाले तीन पुलिसकर्मी बने ‘साइबर हीरो ऑफ द वीक’, डीसीपी मुख्यालय ने किया सम्मानित

- चार मामलों में आठ आरोपियों को राजस्थान, नोएडा, पंजाब, दिल्ली और फरीदाबाद से किया गिरफ्तार

फरीदाबाद। साइबर अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने वाले थाना साइबर अपराध एनआईटी की टीम के तीन पुलिसकर्मियों को ‘साइबर हीरो ऑफ द वीक’ के खिताब से सम्मानित किया गया है। पुलिस उपायुक्त मुख्यालय हिमाद्री कौशिक ने गुरुवार को उपनिरीक्षक भूपेंद्र, उपनिरीक्षक राजेश और सिपाही विकास को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, थाना साइबर अपराध एनआईटी की टीम ने वर्ष 2026 में दर्ज चार अलग-अलग साइबर ठगी के मामलों में कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया। पहले मामले में 29 सितंबर को सूरजकुंड निवासी एक व्यक्ति के मोबाइल पर अज्ञात नंबर से भेजे गए संदिग्ध लिंक के जरिए फोन हैक कर 56 हजार रुपये ठग लिए गए थे। पुलिस ने इस मामले में आदित्य निवासी पल्ला फरीदाबाद, साजन निवासी लुधियाना पंजाब तथा प्रवेश और पियुष निवासी जैतपुर दिल्ली को गिरफ्तार किया। दूसरे मामले में 9 अक्टूबर को सेक्टर-58 निवासी व्यक्ति को नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक एपीके फाइल डाउनलोड करवाई गई। इससे उसका मोबाइल हैक हो गया और खाते से 90 हजार रुपये निकल गए। पुलिस ने इस मामले में आदित्य त्रिवेदी निवासी पल्ला फरीदाबाद को गिरफ्तार किया।

तीसरे मामले में सेक्टर-21ए निवासी व्यक्ति को पैसे जमा होने का फर्जी संदेश भेजकर 22,500 रुपये की ठगी की गई। पुलिस ने इस मामले में जमशेद निवासी जिला डीग राजस्थान को गिरफ्तार किया। चौथे मामले में सेक्टर-23 निवासी व्यक्ति से क्रेडिट कार्ड की सीमा बढ़ाने के नाम पर 70,941 रुपये ठग लिए गए थे। यह मामला 25 फरवरी को दर्ज हुआ था। पुलिस ने इस मामले में मोहम्मद आसिफ अहमद निवासी भोजपुर बिहार को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने तकनीकी जानकारी और आंकड़ों का विश्लेषण कर आरोपियों की पहचान की तथा विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर गिरफ्तारियां कीं।

बेहतर कार्य करने वालों को मिलेगा प्रोत्साहन
डीसीपी मुख्यालय हिमाद्री कौशिक ने तीनों पुलिसकर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए तकनीकी दक्षता, निरंतर प्रयास और टीमवर्क जरूरी है। ऐसे सम्मान कार्यक्रमों से पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ता है और अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.