फरीदाबाद। सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत जिले में विभिन्न जनसेवा एवं सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में स्वास्थ्य विभाग की ओर से बोहरा रबर प्राइवेट लिमिटेड, सेक्टर-59 में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना रहा।
शिविर में कंपनी के कर्मचारियों सहित अन्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कुल 46 लोगों ने रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया, जिनमें से 35 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
रक्तदाताओं ने जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए स्वेच्छा से रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी निभाई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को रक्तदान के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। अधिकारियों ने बताया कि समय पर रक्त उपलब्ध होना गंभीर बीमारी, दुर्घटना या आपात स्थिति में मरीजों के उपचार के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत आयोजित इस शिविर में लोगों की सक्रिय भागीदारी ने जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाया। अभियान के माध्यम से संस्थानों और आमजन को समाज हित से जुड़ी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर योगदान देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
