लैंड पूलिंग पॉलिसी से फरीदाबाद में बदलेगी तस्वीर:19 गांवों की 4500 एकड़ जमीन योजना में शामिल

हरियाणा सरकार की लैंड पूलिंग पॉलिसी-2022 के तहत फरीदाबाद में करीब 4500 एकड़ जमीन को सुनियोजित तरीके से विकसित करने की तैयारी है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) ने इस जमीन को योजना में शामिल करने का प्रस्ताव रखा है। इसमें आवासीय, व्यावसायिक और सार्वजनिक सुविधाओं के लिए अलग-अलग क्षेत्र विकसित किए जाएंगे।

योजना के तहत जमीन मालिक और जमीन एकत्र करने वाले लोग भी अपनी जमीन शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं, इसके लिए उन्हें अपनी जमीन का विवरण ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करना होगा। आवेदन करने की अंतिम तारीख 30 नवंबर 2026 तय की गई है।

प्रस्तावित जमीन में सार्वजनिक और अर्ध-सार्वजनिक उपयोग के लिए सेक्टर-96ए और 97ए शामिल हैं। आवासीय क्षेत्र के लिए 94ए, 96, 99, 101, 102, 103, 140, 141 और 142 सेक्टर प्रस्तावित हैं। वहीं सेक्टर-100 में व्यावसायिक क्षेत्र विकसित किया जाना प्रस्तावित है।

19 गांवों की जमीन भी शामिल

लैंड पूलिंग योजना में खेड़ी कलां, नचौली, ताजूपुर, ढकौला, शाहबाद, बदरपुर सैद, शाहूपुरा, सहूपुरा, सोतई, सुनपेड़, मलेरना, जाजरू, भैंसरावली, फत्तूपुरा, भुआपुर, भुहापुर जसाना, फरीदपुर, सदपुरा और तिगांव की जमीन शामिल की गई है।

पोर्टल पर करना होगा आवेदन

HSVP के संपदा अधिकारी विकास ढांडा ने बताया कि, इच्छुक जमीन मालिक landpooling.hsvphry.org.in पोर्टल पर जाकर अपनी जमीन का विवरण दर्ज कर आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए ई-विंडो 30 नवंबर तक खुली रहेगी। HSVP ने जमीन मालिकों से समय सीमा के अंदर आवेदन करने की अपील की है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.