फरीदाबाद में भव्य साहित्यिक महोत्सव का सफल आयोजन, साहित्य और सृजन की गूंज से सराबोर रहा दिन
फरीदाबाद। श्रद्धा पब्लिक स्कूल, फरीदाबाद के प्रांगण में आज अजय साहित्यिक एवं सामाजिक मंच व देवशील मैमोरियल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित भव्य साहित्यिक महोत्सव अत्यंत गरिमामय, सुव्यवस्थित एवं सार्थक वातावरण में संपन्न हुआ। प्रात: 9:30 बजे प्रारंभ होकर संध्या तक चले इस विराट साहित्यिक आयोजन ने साहित्य प्रेमियों, कवियों एवं विद्वानों को एक साझा मंच प्रदान किया, जहाँ शब्दों की साधना और सृजन की सरिता पूरे दिन अविरल बहती रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता हिंदी, हरियाणवी व संस्कृत के प्रकंड विद्वान व हरियाणा के राजगीत लेखक डा.बालकृष्ण शर्मा ने की । कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं संयोजन में श्री विनोद कौशिक, डॉ. प्रीता पँवार, श्री राजपाल यादव, श्रीमती रश्मि अभय, श्रीमती मंजू तंवर, डॉ. विकास शुक्ल, श्रीमती प्रेरणा सिंह, श्री विवेक ऐरन तथा श्रीमती पारुल राज की उल्लेखनीय भूमिका रही। श्रद्धा पब्लिक स्कूल के प्राचार्य डॉ. गजराज सिंह आर्य के आत्मीय आतिथ्य एवं उत्कृष्ट व्यवस्थाओं ने आयोजन की गरिमा को और अधिक ऊँचाई प्रदान की। इस साहित्यिक महोत्सव में अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त कवि श्री दिनेश रघुवंशी की स्नेहिल व प्रबुद्ध उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की और उन्होने अपनी उत्कृष्ट रचनाओं से सबका मन मोह लिया।
वहीं आकाशवाणी, दिल्ली के सहायक निर्देशक एवं वरिष्ठ गज़़लकार श्री रामावतार बैरवा , सारस्वत अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दो सत्रों में संपन्न हुए इस आयोजन के प्रथम सत्र के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त आईपीएस श्री सुधीर चौधरी तथा द्वितीय सत्र के मुख्य अतिथि आईजी जेल, हरियाणा डॉ. संजय सिंह रहे। विशिष्ट अतिथियों में वरिष्ठ गीतकार श्री भूदत्त शर्मा, वरिष्ठ गज़़लकार डॉ. गुरविंदर बाँगा, वरिष्ठ साहित्यकार श्री नीरज त्यागी, वरिष्ठ गीतकार श्री सत्य प्रकाश शर्मा, वल्र्ड रिकॉर्ड होल्डर श्रीमती अलका सैनी, वरिष्ठ कवि श्री सतेन्द्र शर्मा, उपन्यासकार प्रतिमा शर्मा पुष्प, श्रीमती नेहा वैद, राजभाषा विभाग , गृह मंत्रालय की सहायक निर्देशिका श्रीमती भावना सक्सैना सहित अनेक प्रतिष्ठित साहित्यकारों की गरिमामयी उपस्थिति रही। देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लगभग साठ कवियों ने अपनी उत्कृष्ट रचनाओं का प्रभावशाली पाठ कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वरिष्ठ साहित्यकारों के साथ-साथ नवांकुर युवा कवियों ने भी अपनी सशक्त अभिव्यक्ति से खूब सराहना बटोरी।
विशेष रूप से कबीरा हालाती शायर ,सत्यम पाण्डेय, सागर ठकराल, रुद्रप्रताप, विशाल, नेम सिंह सहित अन्य युवा कवियों ने अपने ओजपूर्ण एवं भावपूर्ण काव्यपाठ से महफि़ल लूट ली और भरपूर तालियाँ अर्जित कीं। इस अवसर पर अजय युवा मंच द्वारा आयोजित राष्ट्रीय आलेख प्रतियोगिता के विजेता युवा प्रतिभागियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत भी किया गया। आयोजन के दौरान सभी आमंत्रित कवियों, साहित्यकारों एवं अतिथियों के लिए उत्कृष्ट जलपान एवं भोजन की समुचित व्यवस्था की गई, जिसकी सभी उपस्थित जनों ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की। संपूर्ण आयोजन साहित्य, संस्कृति, संवेदना और सामाजिक सरोकारों का अनुपम संगम बनकर उभरा। सौहार्दपूर्ण वातावरण, उच्चस्तरीय काव्यपाठ, अनुशासित संचालन तथा आत्मीय आतिथ्य ने इस साहित्यिक महोत्सव को सहभागी जनों के लिए लंबे समय तक स्मरणीय बना दिया।
