आंगनवाड़ी वर्कर्स एंव हैल्पर्स यूनियन व महिला एवं बाल विकास विभाग की महानिदेशका के बीच हुई वार्ता
फरीदाबाद। आंगनवाड़ी वर्कर्स एंड हेल्पर्स यूनियन हरियाणा, संबंधित सीटू, के राज्य प्रतिनिधिमंडल की महिला एवं बाल विकास विभाग हरियाणा की महानिदेशिका श्रीमती प्रियंका सोनी के साथ शुक्रवार को महत्वपूर्ण वार्ता हुई। बैठक में आंगनवाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर्स की लंबित मांगों, समस्याओं तथा बकाया मानदेय के मुद्दों पर विस्तारपूर्वक सकारात्मक चर्चा की गई। यूनियन के प्रतिनिधिमंडल में यूनियन की राज्य प्रधान रुपा राणा, पूर्व प्रधान देविन्द्री शर्मा वमहासचिव उर्मिला रावत सहित अन्य कई पदाधिकारी मौजूद थी। यूनियन प्रतिनिधिमंडल ने विभाग के समक्ष प्रदेशभर की आंगनवाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर्स की गंभीर समस्याओं को मजबूती से रखा तथा पूर्व में दिए गए आंदोलन नोटिस और मांग पत्र के संदर्भ में शीघ्र समाधान की मांग की। बैठक में विभाग की ओर से यह निर्णय लिया गया कि प्रदेश की सभी आंगनवाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर्स का बकाया मानदेय आगामी 6-7 जून तक जारी कर दिया जाएगा।
महानिदेशिका ने यह भी कहा कि यूनियन की जिन मांगों का संबंध केंद्र सरकार से है, उन्हें केंद्र सरकार को पत्र लिखकर भेजा जाएगा तथा राज्य सरकार से संबंधित मांगों का जल्द समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। यूनियन ने वार्ता को सकारात्मक बताया, लेकिन साथ ही यह स्पष्ट किया कि जब तक सभी मांगों पर ठोस कार्रवाई और लिखित आदेश जारी नहीं होते, तब तक आंदोलन कार्यक्रम जारी रहेगा। इसी निर्णय के तहत 11 जून 2026 को पंचकूला स्थित महानिदेशक कार्यालय पर घोषित विशाल प्रदर्शन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया जाएगा। यूनियन की राज्य कमेटी ने प्रदेशभर की आंगनवाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर्स से आह्वान किया है कि वे आंदोलन की तैयारियों को तेज करें तथा बड़ी संख्या में 11 जून को पंचकूला पहुंचकर अपने अधिकारों और मांगों की लड़ाई को मजबूत बनाएं। यूनियन ने कहा कि आंगनवाड़ी कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांगों का समाधान केवल संघर्ष और एकजुटता से ही संभव है।
