बलटाना रायपुर कला रेलवे अंडरपास निर्माण को मिली नई गति, चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाबचंद कटारिया के हस्तक्षेप से प्रक्रिया में तेज़ी

चंडीगढ़ :  चंडीगढ़ के प्रशासक एवं पंजाब के राज्यपाल माननीय श्री गुलाबचंद कटारिया जी के सक्रिय हस्तक्षेप के परिणामस्वरूप, बलटाना रायपुर कला रेलवे अंडरपास (RUB) परियोजना ने अब गति पकड़ ली है। आज दिनांक 29 जुलाई 2025 को चंडीगढ़ प्रशासन ने उत्तर रेलवे अंबाला के वरिष्ठ मंडल अभियंता को एक औपचारिक सहमति पत्र जारी किया, जिसमें यह स्पष्ट किया गया कि सेक्शन 11 के अंतर्गत भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। अब रेलवे इस परियोजना की अगली कार्यवाही प्रारंभ कर सकता है।

गौरतलब है कि उत्तर रेलवे द्वारा मार्च 2023 में इस अंडरपास हेतु टेंडर जारी किया गया था, किंतु भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया अधूरी रहने के कारण रेलवे को वह टेंडर रद्द करना पड़ा था। यह परियोजना विगत 8 वर्षों से लंबित थी।

इस परियोजना के शीघ्र क्रियान्वयन में ज्वाइंट एक्शन कमेटी बलटाना की भूमिका सराहनीय रही है। कमेटी के अध्यक्ष प्रताप सिंह राणा ने इसे मूर्त रूप देने हेतु पाँच बार क्रमिक अनशन किया और लगातार संघर्ष किया।

आज राजस्थान परिवार के अध्यक्ष पवन शर्मा, रविंद्र स्योराण, अमित सिंह ‘राधे-राधे’ एवं हर सिंह रावत ने ज्वाइंट एक्शन कमेटी के प्रतिनिधिमंडल के रूप में चंडीगढ़ के मुख्य सचिव राजीव वर्मा से मुलाकात की तथा परियोजना की प्रगति पर विचार-विमर्श किया। तत्पश्चात प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य अभियंता सी. बी. ओझा से भेंट की, जिन्होंने माननीय प्रशासक महोदय के निर्देशानुसार तत्क्षण उत्तर रेलवे के वरिष्ठ मंडल अभियंता को सहमति पत्र जारी कर परियोजना को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

इस महत्वपूर्ण प्रगति पर ज्वाइंट एक्शन कमेटी बलटाना के पदाधिकारियों ने माननीय श्री गुलाबचंद कटारिया जी, मुख्य सचिव राजीव वर्मा एवं मुख्य अभियंता सी. बी. ओझा का आभार व्यक्त किया और इस परियोजना को शीघ्र पूरा होने की आशा जताई।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.