राजीव कालोनी में करंट लगने से हुई 19 साल के युवक की मौत

पालतू कुत्ते को घूमाने निकला था, कुत्ते को बचाने के चक्कर में गई जान

फरीदाबाद। सेक्टर-56 राजीव कालोनी में पालतू कुत्ते को घुमाने के लिए निकले गए 19 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक अमन सडक़ पर पड़े बिजली के तार की चपेट में आ गया और उसके साथ ही पालतू कुत्ता भी मर गया। घटना के बाद इलाके में हडक़ंप मच गया। परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार राजीव कॉलोनी निवासी 19 वर्षीय अमन चौटाला एक निजी कंपनी में काम करता था। शुक्रवार सुबह वह रोजाना की तरह सैर करने के लिए घर से निकला था। उसका पालतू कुत्ता भी उसके साथ था। दोनों घर से कुछ दूरी पर पंडित चौक के पास पहुंचे थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक पंडित चौक के पास बिजली का एक तार रात के समय ही टूटकर सडक़ पर गिर गया था। सुबह तक यह तार सडक़ पर पड़ा रहा।

आरोप है कि बिजली विभाग के कर्मचारियों को इसकी जानकारी नहीं थी या जानकारी होने के बावजूद समय रहते तार को हटाने की कार्रवाई नहीं की गई। बताया जा रहा है कि सैर के दौरान सबसे पहले कुत्ता टूटे हुए बिजली के तार की चपेट में आ गया। कुत्ते को तड़पता देखकर ओमन उसे बचाने के लिए आगे बढ़ा। इसी दौरान वह भी करंट की चपेट में आ गया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-58 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। परिजनों का आरोप है कि यदि बिजली विभाग समय रहते टूटे तार को हटवा देता या आसपास बैरिकेडिंग कर देता तो हादसा टल सकता था। परिजनों ने जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.