एकॉर्ड अस्पताल द्वारा लगाए नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में 150 लोगों ने कराई जांच

फरीदाबाद। सेक्टर-2 स्थित कम्युनिटी सेंटर में रविवार को एकॉर्ड सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के करीब 150 लोगों ने विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांच कराकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया। शिविर का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और समय रहते बीमारियों की पहचान सुनिश्चित करना रहा। शिविर में रविवार को पेट, लीवर एवं आंत संबंधी रोग, मस्तिष्क एवं स्पाइन की समस्याएं, हृदय रोग, हड्डी एवं जोड़ रोग तथा कान, नाक और गला (ईएनटी) संबंधी बीमारियों की जांच की गई। इसके अलावा शुगर, रक्तचाप (बीपी), बॉडी मास इंडेक्स (बीएमआई), ईसीजी, हीमोग्लोबिन और एसपीओ-2 जैसी महत्वपूर्ण जांचें भी नि:शुल्क की गईं। न्यूरोलॉजी डिपार्टमेंट के चेयरमैन डॉ. रोहित गुप्ता ने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच से मस्तिष्क की गंभीर बीमारियों का शुरुआती चरण में पता लगाया जा सकता है, जिससे उपचार आसान हो जाता है।

गैस्ट्रोएंट्रोलॉजिस्ट डॉ.  रामचंद्र सोनी ने कहा कि मौसम में बदलाव के कारण पेट और लीवर संबंधी रोग बढ़ रहे हैं, इसलिए लोगों को खानपान पर विशेष ध्यान देना चाहिए। डॉ. उमेश कोहली ने बताया कि हृदय रोगों से बचाव के लिए नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और समय-समय पर जांच आवश्यक है। डॉ. उदित कपूर ने कहा कि तनाव और अनियमित दिनचर्या के कारण न्यूरोलॉजिकल समस्याएं बढ़ रही हैं, इसलिए लोगों को पर्याप्त आराम और स्वस्थ दिनचर्या अपनानी चाहिए। वहीं डॉ. कुंवर परवेज ने कहा कि कान, नाक और गले से जुड़ी समस्याओं को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए तथा शुरुआती जांच से बेहतर उपचार संभव है। इस दौरान शिविर में चिकित्सकों ने मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श देते हुए नियमित जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। शिविर में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और युवाओं ने भाग लिया। जांच के दौरान कई लोगों में उच्च रक्तचाप, मधुमेह और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के शुरुआती लक्षण पाए गए, जिन्हें आगे उपचार और नियमित फॉलोअप की सलाह दी गई।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.