भाजपा के 12 वर्ष : अंत्योदय से विकास तक का स्वर्णिम सफर : विपुल गोयल

भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग फरीदाबाद में प्रारंभ, कार्यकर्ताओं को मिला वैचारिक एवं संगठनात्मक मार्गदर्शन

फरीदाबाद। भाजपा फरीदाबाद जिला प्रशिक्षण वर्ग में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने सरकार की गरीब कल्याण योजनायें विषय पर अपने संबोधन में कहा कि भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष देश और प्रदेश के विकास, सुशासन और जनकल्याण के स्वर्णिम वर्ष रहे हैं। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांत को आधार बनाकर भाजपा सरकार ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्ग के सशक्तिकरण के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू की गई हैं।

जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना आदि अनेकों योजनाएं लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लेकर आई हैं। विपुल गोयल ने कहा कि किसानों के हित में किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, एमएसपी पर खरीद, भावांतर भरपाई और पशुधन बीमा जैसी योजनाओं ने कृषि क्षेत्र को नई मजबूती दी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन के माध्यम से जनहितकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। कार्यकर्ताओं को आह्वान करते हुए विपुल गोयल ने कहा कि वे सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं तथा जनता और संगठन के बीच मजबूत सेतु बनकर राष्ट्र निर्माण की इस विकास यात्रा को और गति दें। भाजपा फरीदाबाद का दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग शनिवार को सेक्टर-16 स्थित गुर्जर भवन में जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल की अध्यक्षता में विधिवत रूप से प्रारंभ हुआ।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत आयोजित यह प्रशिक्षण वर्ग रविवार तक चलेगा, जिसमें संगठन, विचारधारा, सुशासन, मीडिया, सरकार की योजनाएं, सोशल मीडिया तथा राष्ट्रहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ वंदे मातरम् एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम में केंद्र सरकार एवं हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका अवलोकन हरियाणा सरकार के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने किया। प्रशिक्षण वर्ग में  महापौर प्रवीण बतरा जोशी, जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, जिला प्रभारी नरेंद्र वत्स, प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख शैलेन्द्र पांडे,  पूर्व शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा, पूर्व विधायक नरेंद्र गुप्ता, मुख्यमंत्री के राजनैतिक सचिव अजय गौड़, पूर्व वरिष्ठ उप महापौर देवेन्द्र चौधरी, जिला जिला महामंत्री चौधरी प्रवीण गर्ग, शोभित अरोड़ा, पूर्व जिला महामंत्री मूलचंद मित्तल, मनोज वशिष्ठ, जिला वर्ग प्रमुख ओमप्रकाश रक्षवाल, जिला प्रशिक्षण प्रमुख मदन पुजारा, वजीर सिंह डागर,  प्रदर्शनी प्रमुख गिर्राज त्यागी मुख्य तौर पर उपस्थित रहे ।

भाजपा जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल ने अध्यक्षीय प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन होने के साथ-साथ संगठनात्मक दृष्टि से भी अत्यंत सशक्त पार्टी है। पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं का नियमित रूप से प्रशिक्षण एवं अपडेट होना आवश्यक है, जिससे पार्टी की  रीति-नीतियों, व्यवस्थाओं और कार्यपद्धति की जानकारी निरंतर अद्यतन बनी रहे। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को लेकर आगे बढ़ रही है और इसी उद्देश्य से कार्यकर्ताओं को भी समय-समय पर प्रशिक्षित एवं अपडेट किया जाता है। उन्होंने सभी मंत्रियों, विधायकों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशिक्षण वर्ग के प्रति कार्यकर्ताओं का उत्साह अत्यंत प्रेरणादायक है। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की सहभागिता यह दर्शाती है कि वे स्वयं को निरंतर अपडेट रखने तथा नई जानकारियां प्राप्त करने के लिए सदैव तत्पर रहते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही संगठन को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने का कार्य करते हैं। जिला प्रशिक्षण वर्ग के प्रथम दिन चेयरमेन सतीश खोला ने राष्ट्र  के समक्ष चुनौतियाँ पर मार्गदर्शन किया । प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य लोकेश नान्गरू ने विचार परिवार पर अपने विचार रखे । मीडिया, सोशल मीडिया, ए आई, नमो एप्प एवं सरल एप्प के उपयोग विषय पर प्रदेश आईटी प्रमुख आदित्य चावला ने कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करते हुए वर्तमान समय में डिजिटल प्लेटफॉर्म की भूमिका और उसके सकारात्मक उपयोग के बारे में जानकारी दी । उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया संगठन की विचारधारा को जनता तक पहुंचाने का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है।उन्होंने  कार्यकर्ताओं से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय रहकर सरकार की उपलब्धियों और संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। भारत भूषण जुयाल ने वैचारिक अधिष्ठान पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन दिया और अंतिम सत्र में मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जेटली ने भी मीडिया प्रबंधन  और मीडिया की भूमिका पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया ।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.