हम सबको अपने जीवन में रक्तदान को आदत बनाना चाहिए : राजेश नागर

मंत्री राजेश नागर ने आईएमटी में रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया

फरीदाबाद : हरियाणा सरकार के मंत्री राजेश नागर ने आज आईएमटी में आयोजित रक्तदान शिविर का उद्घाटन कर लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया और रक्तदाताओं का आभार जताया।

इस अवसर पर आयोजक एडवोकेट नरवीर चहल ने साथियों के साथ मंत्री राजेश नागर का जोरदार स्वागत किया। मंत्री राजेश नागर ने कहा कि हम सभी को अपने जीवन में रक्तदान को अपनी आदत बनाना चाहिए। रक्त ऐसी चीज है जिसे किसी फैक्ट्री में नहीं बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मानव के जीवन में दान को बहुत महत्व दिया गया है इसमें भी रक्तदान को सर्वोच्च माना गया है। रक्तदान करने वाला न केवल पीड़ित का जीवन बचाता है बल्कि उसके परिवार का भी संरक्षण करता है। इस नाते वह पूरे परिवार का संरक्षक हो जाता है।

उन्होंने कहा कि चिकित्सक बताते हैं कि दान किया गया रक्त बहुत थोड़े समय में दोबारा बन जाता है। यह शरीर का ऑटोमेटिक सिस्टम है। उन्होंने कहा कि सभी स्वस्थ लोगों को अपने जीवन में रक्तदान अवश्य करना चाहिए क्योंकि आज रक्त की कमी से अनेक जानें असमय चली जाती हैं। हम सभी को रक्त देने की आदत होगी तो कभी हमारे अपनों को भी रक्त के संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा।

मंत्री राजेश नागर ने कहा कि गर्मी के मौसम में खासकर बड़ी संख्या में रक्तदान करना चाहिए क्योंकि इस समय रक्त की मांग अचानक बढ़ जाती है और आपूर्ति घट जाती है। उन्होंने रक्तदान आयोजन करने वालों का आभार जताया और उन्हें इसे निरंतर अपने जीवन में लागू करने के लिए प्रेरित किया।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.