रोड रूल्स, लाइफ टूल्स” अभियान के अंतर्गत नीलम चौक, फरीदाबाद में ट्रैफिक नियम जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
थीम: “युवा - सुरक्षित सड़कों के लिए”
फरीदाबाद: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद द्वारा “रोड रूल्स, लाइफ टूल्स” अभियान के अंतर्गत नीलम चौक, मथुरा रोड, अजरोंदा, फरीदाबाद पर विशेष ट्रैफिक नियम जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम माननीय श्री संदीप गर्ग, जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), फरीदाबाद के दूरदर्शी मार्गदर्शन और श्रीमती रीता यादव, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-सह-सचिव, DLSA, फरीदाबाद के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ।
इस कार्यक्रम में राजकीय बॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल, NIT-5, फरीदाबाद के स्काउट व गाइड छात्र तथा फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस का सक्रिय सहयोग रहा।
कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों विशेषकर युवाओं को ट्रैफिक नियमों के पालन हेतु प्रेरित करना एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना था। इस अवसर पर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को मौके पर रोका गया और उन्हें संबंधित नियमों की जानकारी दी गई। उन्हें यह समझाया गया कि यातायात नियम केवल कानून के अनुपालन के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और परिवार की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
श्रीमती रितु यादव, CJM-सह-सचिव, DLSA, फरीदाबाद ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ‘Youth for Safer Roads’ विषय पर प्रकाश डाला और विशेष रूप से युवाओं की भूमिका पर बल दिया। उन्होंने ट्रैफिक नियमों जैसे – हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट लगाना, रेड लाइट जम्प न करना, ज़ेब्रा क्रॉसिंग का पालन करना आदि की महत्ता को सरल शब्दों में समझाया।
ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों को प्रेरणा स्वरूप पौधा भेंट किया गया, जो इस बात का प्रतीक है कि जैसे हम पौधों की देखभाल कर उन्हें बड़ा करते हैं, वैसे ही हमें अपने जीवन और परिवार की सुरक्षा के लिए सजग और जिम्मेदार होना चाहिए।
इस अवसर पर श्री रविंदर गुप्ता, मुख्य रक्षा अधिवक्ता (Chief Defence Counsel), DLSA फरीदाबाद ने भी जागरूकता अभियान में भाग लिया और वाहन चालकों को संबोधित करते हुए कहा कि, “सड़क सुरक्षा के नियम केवल कानूनी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जीवन की रक्षा के साधन हैं। नियमों का पालन करना भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।”
कार्यक्रम में DLSA की टीम, स्कूली छात्र, ट्रैफिक पुलिस अधिकारी एवं स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। जनभागीदारी से संपन्न इस जागरूकता कार्यक्रम ने समाज में सड़क सुरक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए एक सकारात्मक संदेश प्रसारित किया।
