शहरवासियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण हेतु , मेयर स्वयं करेंगी सोमवार को जनसुनवाई

फरीदाबाद । अब शहरवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक सोमवार सुबह 10 बजे नगर निगम कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल (कमरा नं. 100) में समाधान शिविर/जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। इस पहल के माध्यम से आम नागरिकों को एक ही स्थान पर अपनी समस्याएं रखने और उनके त्वरित समाधान की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस जनहितकारी पहल की शुरुआत फरीदाबाद की मेयर श्रीमती प्रवीण बत्रा जोशी के नेतृत्व में की गई है। मेयर स्वयं जनसुनवाई में उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याएं सुनेंगी और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समस्याओं के त्वरित निस्तारण को सुनिश्चित करेंगी।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि शहरवासियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए यह व्यवस्था लागू की गई है। नगर निगम के आयुक्त, आईएएस श्री धीरेंद्र खड़गटा भी इन समाधान शिविरों में उपस्थित रहेंगे और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ मिलकर शिकायतों के त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण की निगरानी करेंगे। हर सोमवार आयोजित होने वाले इन शिविरों में नागरिक सुविधाओं से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता के साथ सुना जाएगा।
आयुक्त श्री धीरेंद्र खड़गटा ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मेयर श्रीमती प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारकर आम जनता को राहत पहुंचाना है। शहर के प्रत्येक नागरिक की समस्या हमारी जिम्मेदारी है और उसका समाधान हमारी प्राथमिकता है। नगर निगम प्रशासन का लक्ष्य है कि इस पहल के माध्यम से फरीदाबाद को अधिक सुव्यवस्थित, स्वच्छ और नागरिक-अनुकूल शहर बनाया जा सके, जहां हर व्यक्ति की आवाज सुनी जाए और समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित हो।
You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.