नौकरी का झांसा देकर 14 लाख की साइबर ठगी करने वाला ठग गिरफ्तार

फरीदाबाद। महिला के साथ टेलीग्राम पर नौकरी का झांसा देकर 14 लाख रुपए की साइबर ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 17 दिसंबर 2023 की है। उसके बाद पीड़िता ने 7 फरवरी 2024 को साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पुलिस ने आरोपी महेंद्र कुमार को जोधपुर, राजस्थान से गिरफ्तार किया है। 17 दिसंबर 2023 को सूर्या विहार पार्ट-3, तिलपत की रहने वाली एक महिला को वर्क फ्रॉम होम जॉब का प्रस्ताव देते हुए एक अनजान नंबर से कॉल आया। इसके बाद व्हाट्सएप पर टेलीग्राम का एक लिंक भेजा गया। महिला ठगों के जाल में फंस गई।

ठगों ने महिला को गूगल मैप्स पर एक दिन में 24 लोकेशन की रेटिंग करने का काम दिया। हर 6 लोकेशन की रेटिंग के बाद एक टास्क पूरा करना था। शुरुआत में ठगों ने विश्वास जीतने के लिए महिला से 1000 रुपए मांगे और उसके खाते में 1500 रुपए भेजे। फिर 3000 रुपए मांगे और टास्क पूरा होने पर 3900 रुपए भेजे। इस तरह उसने महिला का विश्वास जीत लिया। विश्वास जीत कर उसने महिला से 15000 रुपए ले लिए।

जब महिला ने पैसे निकालने की कोशिश की तो ठगों ने खाते के फ्रीज होने का बहाना बनाया और अनफ्रीज करने के लिए 42500 रुपये की मांग की। धीरे-धीरे अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए ठगों ने महिला से कुल 14,02,500 रुपए की ठगी कर ली। पीड़िता ने 7 फरवरी 2024 को साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है आगे की जांच की जा रही है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.