आमजन की समस्याओं का समाधान नहीं होने पर होगी सख्त कार्रवाई: एडीसी

एडीसी ने समाधान शिविर, सीएम विंडो एवं एसएमजीटी पोर्टल पर आई शिकायतों की समीक्षा -लंबित शिकायतों के समाधान में ढिलाई पर दिए कड़े निर्देश

फरीदाबाद। जिला प्रशासन जन शिकायतों के समाधान को लेकर पूरी तरह से सक्रिय और गंभीर है। मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त सतबीर मान ने समाधान शिविर, मुख्यमंत्री विंडो एवं एसएमजीटी पोर्टल पर प्राप्त जन शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही, ढिलाई या टालमटोल अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एडीसी ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिकायतों का निपटारा केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि हर शिकायत का समाधान समयबद्ध, प्रभावी और पूरी संतुष्टि के साथ किया जाना अनिवार्य है। प्रत्येक विभाग को यह सुनिश्चित करना होगा कि समाधान के उपरांत शिकायतकर्ता से सीधा संवाद स्थापित कर उसकी संतुष्टि प्राप्त की जाए। शिकायत के समाधान के पश्चात प्राप्त फीडबैक को संबंधित पोर्टल पर अपडेट करना भी आवश्यक होगा, ताकि कोई भी शिकायत दोबारा खुलने की स्थिति में न आए।

समीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए एडीसी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग समीक्षा बैठक से एक दिन पूर्व अपनी सभी हल की गई शिकायतों को संबंधित पोर्टल्स पर अपडेट कर ‘निपटान श्रेणी’ में दर्ज करे। मुख्यमंत्री नायब सैनी स्वयं इस प्रणाली की नियमित समीक्षा कर रहे हैं, अतः सभी को अपनी जिम्मेदारियों को और अधिक गंभीरता से निभाना होगा।

एडीसी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि समीक्षा बैठकों में बिना पूर्व अनुमति के अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों पर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। एडीसी ने सभी अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे जन शिकायत निवारण प्रक्रिया को एक मिशन भावना से लें और नागरिकों की संतुष्टि को प्रशासनिक व्यवस्था की प्राथमिकता बनाएं। बैठक एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद, एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, एसीपी विनोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.