पूर्व प्रधानमंत्री नेहरु की प्रतिमा पर फिर से फेंका पेंट, कांग्रेसियों ने जताया विरोध

फरीदाबाद। नीलम चौक पर पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा को एक बार फिर शरारती तत्वों ने निशाना बनाया। किसी अज्ञात व्यक्ति ने प्रतिमा पर नीले रंग का पेंट फेंक दिया। घटना के विरोध में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय प्रताप सिंह, पूर्व मंत्री और नूंह के विधायक आफताब अहमद सहित कई कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, 2 महीने पहले 5 मई को नीले रंग का स्प्रे और भूरे रंग का पेंट फेंककर प्रतिमा का पूरी तरह से गंदा कर दिया गया था।

थाना एनआईटी पुलिस ने उस समय कांग्रेसी नेताओं की शिकायत पर मामला भी दर्ज किया गया था। लेकिन आज तक इस मामले में पुलिस किसी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। नीलम चौक के गोल चक्कर पर दो प्रतिमाएं स्थापित हैं, जिनमें एक पंडित जवाहरलाल नेहरू और अटल बिहारी वाजपेयी की है। शरारती तत्वों ने निशाना केवल नेहरू की प्रतिमा को बनाया है। कांग्रेसी नेता विजय प्रताप और पूर्व परिवहन मंत्री आफताब अहमद नीलम चौक पहुंचे। विजय प्रताप ने कहा कि इस तरह की हरकत करने वाले लोग छोटी मानसिकता रखते हैं। लेकिन इससे ये साबित हो जाता है कि अपराधी किस्म के लोगों में पुलिस का कोई भय नहीं है।

2 महीने पहले भी पंडित जवाहर लाल नेहरू की प्रतिमा पर पेंट फेंका गया था। लेकिन आज तक उसमें कोई गिरफ्तारी नहीं की गई है। भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि स्मार्ट सिटी का ढिंढोरा पीटते है और मुख्य चौराहे पर सीसीटीवी तक नहीं है। आफताब अहमद ने कहा कि बार-बार ऐसी हरकत होना एक षडय़ंत्र है। क्योंकि कांग्रेस द्वारा पहले भी शिकायत लिखित में दी हुई है। इसके बावजूद वही हरकत दोहराया जाना साफ दर्शाती है कि हरियाणा में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है।

उन्होंने कहा कि इसी चौक पर पूर्व प्रधान मंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की भी प्रतिमा है। जो कि सुरक्षित है। लेकिन जिस तरह से प्रथम प्रधानमंत्री नेहरू जी की प्रतिमा का अपमान किया जा रहा है। इसकी जिम्मेदारी लोकल एडमिनिस्ट्रेशन ओर भाजपा नेताओं की बनती है। थाना एनआईटी पुलिस ने इस मामले को लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि टीम बनाकर आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.