विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, फरीदाबाद द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का भव्य आयोजन

faridabad: दिनांक 5 जून 2025 को विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण (DLSA), फरीदाबाद द्वारा व्यापक स्तर पर पर्यावरण जागरूकता एवं पौधारोपण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह आयोजन माननीय श्री संदीप गर्ग, जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, फरीदाबाद के मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में संपन्न हुए।

इस अवसर पर प्राधिकरण द्वारा फरीदाबाद जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों और न्यायिक परिसर में पर्यावरण से संबंधित जागरूकता अभियान चलाए गए, जिनका उद्देश्य जनसाधारण को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना एवं हरित परिवेश को प्रोत्साहन देना था।

आयोजित कार्यक्रमों के मुख्य स्थल इस प्रकार रहे:
1. गांव फतेहपुर बिल्लोच फरीदाबाद
2. राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, एन.आई.टी. नं. 3, फरीदाबाद
3. राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सैक्टर 8, सिही, फरीदाबाद
4. न्यायिक परिसर, सैक्टर 12, फरीदाबाद
उक्त सभी स्थानों पर पर्यावरण संरक्षण से संबंधित जनजागरूकता कार्यक्रम, विचार गोष्ठियां एवं पौधारोपण गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों, अध्यापकों, ग्रामीण जनों एवं स्थानीय नागरिकों ने इन कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
न्यायिक परिसर, सैक्टर-12, फरीदाबाद में आयोजित मुख्य कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती रीतू यादव, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-सह-सचिव, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, फरीदाबाद ने की। इस अवसर पर उन्होंने अधिवक्ताओं, वादकारियों एवं न्यायालय में उपस्थित आमजन को पौधे वितरित किए और उन्हें अपने आवासीय एवं कार्यस्थलों पर इनका रोपण कर पर्यावरण सरंक्षण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

अपने प्रेरणादायक संबोधन में श्रीमती रीतू यादव ने कहा कि,

> “वर्तमान समय में पर्यावरणीय असंतुलन, प्रदूषण एवं प्राकृतिक संसाधनों के अत्यधिक दोहन ने समूची मानवता को संकट में डाल दिया है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का यह कर्तव्य बनता है कि वह पर्यावरण की रक्षा हेतु सतत प्रयास करे। पौधारोपण न केवल प्रकृति के संरक्षण का एक माध्यम है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित जीवन सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है।”

उन्होंने उपस्थित जनसमूह को पर्यावरण से संबंधित संवैधानिक प्रावधानों एवं क़ानूनी दायित्वों की जानकारी भी दी, जिससे लोग न केवल प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझें, बल्कि उसे व्यवहार में भी लाएं।

जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, फरीदाबाद द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों को सभी वर्गों में सराहना प्राप्त हुई और इनसे लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित हुआ। प्राधिकरण भविष्य में भी इस प्रकार के जनकल्याणकारी एवं जागरूकता आधारित आयोजनों को निरंतर जारी रखेगा।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.