अब सरकारी स्कूल के छात्र पढ़ेंगे फ्रेंच भाषा, टीचरों से मांगे गए आवेदन
फरीदाबाद। सरकारी स्कूलों के छात्रों को फ्रेंच भाषा सिखाने की कवायद शुरू कर दी गई है। सबसे पहले अध्यापकों को इस भाषा में दक्ष बनाया जाएगा। फ्रेंच भाषा सीखने और सीखाने के इच्छुक अध्यापकों से आवेदन मांगे गए हैं। आवेदन के बाद अध्यापक अंग्रेजी भाषा में एक निबंध और दो मिनट की वीडियो रिकार्ड करके एमआइएस पोर्टल पर अपलोड करना है। जिला शिक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक इस योजना के तहत सरकारी स्कूलों के कक्षा 9वीं और 12वीं के छात्रों को फ्रेंच भाषा पढ़ाई जाएगी। इसके लिए हरियाणा सरकार फ्रांस सरकार के साथ एमओयू कर लिया है। शिक्षकों को फ्रांस में प्रशिक्षित किया जाएगा।
इसका उद्देश्य है कि छात्रों को वैश्विक नागरिक बनने के लिए तैयार करना और फ्रेंच भाषा व संस्कृति के बारे में जानने का अवसर प्रदान करना है। इसके साथ ही छात्रों की भाषा कौशल और सांस्कृतिक समझ में सुधार करना है। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के तहत शिक्षा निदेशालय आगामी शैक्षणिक सत्र से सरकारी स्कूलों में फ्रेंच को विदेशी भाषा के रूप में शुरू कर रहा है। इस संबंध में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मार्च 2025 में बजट सत्र के दौरान घोषणा की थी।
जिला स्तर पर स्थित मॉडल संस्कृति स्कूलों के शिक्षकों को इसके लिए तैयारी करने की हिदायत दी गई है। अगले सत्र से सरकारी स्कूलों में फ्रेंच भाषा पढ़ाई जाएगी। इस संबंध में स्कूलों को निदेशालय की ओर से पत्र भी जारी किया गया है। उप जिला शिक्षा अधिकारी डा. मनोज मित्तल का कहना है कि शिक्षकों के चयन की प्रक्रिया चल रही है। अगले सत्र से फ्रेंच भाषा सबसे पहले माडल संस्कृति स्कूलों में शुरू करने की तैयारी है। इसके बाद अन्य स्कूलों के छात्र में फ्रेंच सीखेंगे। इससे छात्रों को दूसरे देशों की भाषा सीखने का अवसर मिलेगा।
