पार्षद द्वारा कथित दुव्र्यवहार के विरोध में तीन अगस्त को नगर निगम का कामकाज रहेगा बंद : शास्त्री
गिरफ्तारी तक नगर निगम में सफाई, सीवर, जलापूर्ति सभी सेवाएं रहेंगी ठप, निगम आयुक्त व मेयर का होगा घेराव
फरीदाबाद। नगर निगम बल्लभगढ़ जोन के एक्शन डालचंद शर्मा के साथ पार्षद दीपक यादव द्वारा कथित रूप से सरकारी कार्य में बाधा डालने, सरकारी वाहन की चाबी छीनने, अभद्र व्यवहार करने तथा सरकारी कार्यालय पर ताला लगाने की घटना के विरोध में कर्मचारियों का आंदोलन तेज हो गया है। नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा एवं म्युनिसिपल कॉरपोरेशन फेडरेशन, फरीदाबाद ने सोमवार 3 अगस्त से नगर निगम की सभी सेवाएं बंद करने का ऐलान किया है। नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने बताया कि दोषी पार्षद एवं उसके साथियों की गिरफ्तारी होने तक नगर निगम की सफाई, सीवर, जलापूर्ति, इंजीनियरिंग, कार्यालय तथा अन्य सभी विभागों एवं निजी एजेंसियों के माध्यम से संचालित सेवाएं पूर्ण रूप से बंद रहेंगी।
इस दौरान निगम आयुक्त एवं मेयर का घेराव भी किया जाएगा। यह निर्णय नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री की अध्यक्षता में आयोजित संयुक्त बैठक में लिया गया। बैठक में म्युनिसिपल कॉरपोरेशन फेडरेशन के प्रधान रमेश जागलान, कार्यालय प्रधान नरेश बैसला, साबिर खान, नगरपालिका कर्मचारी संघ के जिला प्रधान दिलीप सिंह, जिला सचिव अनिल चंडालिया, सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलबीर सिंह, सचिव महेंद्र कुरिया, सेनिटेशन यूनियन के प्रधान राहुल चंडालिया, इंजीनियरिंग विभाग के प्रधान वीर सिंह तेवतिया, सचिव अजय शास्त्री, एचकेआरएनएल क्लेरिकल यूनियन के प्रधान रंजीत शुक्ला, ड्राइवर यूनियन के प्रधान परशुराम, महेश फोगाट, बेलदार यूनियन के प्रधान देवकीनंदन, वाटर सप्लाई यूनियन के प्रधान देवीचरण शर्मा सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से आंदोलन को तेज करने का निर्णय लिया। उधर नगर निगम मुख्यालय पर दोषी पार्षद की गिरफ्तारी की मांग को लेकर चौथे दिन भी धरना जारी रहा।
धरने की अध्यक्षता रिटायर्ड कर्मचारी नेता शब्बीर खान एवं नगरपालिका कर्मचारी संघ के जिला प्रधान दिलीप सिंह ने की। कर्मचारी नेताओं ने आरोप लगाया कि घटना से आहत एक्शन डालचंद शर्मा की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि पीडि़त अधिकारी पर उच्च अधिकारियों एवं राजनीतिक स्तर से दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक्शन डालचंद शर्मा को किसी प्रकार की क्षति पहुंचती है, तो उसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं संबंधित लोगों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर आंदोलन और तेज किया जाएगा। धरने को फेडरेशन के नेता रण सिंह लंबरदार महेंद्र पाल नगर पालिका कर्मचारी संघ के नेता वेद शर्मा इंजीनियर शिवकुमार कमला देवी सुरेश देवी विभिन्न कर्मचारी संगठनों के नेताओं ने भी संबोधित करते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा सरकारी अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
