फरीदाबाद रेलवे प्लेटफॉर्म के किनारे रील बनाना पड़ा भारी

सोशल मीडिया पर रील बनाकर लाइक्स और व्यूज पाने की होड़ में कई लोग ऐसे स्थानों पर वीडियो बना रहे हैं, जहां जरा सी लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती है। ऐसा ही एक मामला फरीदाबाद के ओल्ड रेलवे स्टेशन से सामने आया है। यहां रेलवे प्लेटफॉर्म के बिल्कुल किनारे खड़े होकर 2 किन्नरों द्वारा डांस करते हुए रील बनाने का वीडियो सामने आया है। यह वीडियो 23 जुलाई का बताया जा रहा है।

वीडियो में दो किन्नर प्लेटफॉर्म के बिल्कुल किनारे खड़े होकर एक गाने पर डांस करते और रील बनाते हुए दिखाई दे रहे हैं। जिस जगह पर वे वीडियो बना रहे थे, वहां से यदि उसी समय तेज रफ्तार ट्रेन गुजर जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। ट्रेन की तेज हवा से उनका संतुलन बिगड़ सकता था, जिससे वे ट्रेन की चपेट में आ सकते थे या प्लेटफॉर्म पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो सकते थे। वीडियो देखने के बाद लोगों ने भी इसे बेहद खतरनाक बताया।

जानकारी के अनुसार, वीडियो में दिखाई देने वाले दोनों किन्नर फरीदाबाद के रहने वाले हैं। वीडियो वायरल होने के बाद जीआरपी और आरपीएफ ने मामले को गंभीरता से लिया। पुलिस ने दोनों की पहचान कर उन्हें ट्रेस किया और जीआरपी थाने बुलाकर पूरे मामले में पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उन्हें इस तरह की लापरवाही से होने वाले खतरे के बारे में विस्तार से समझाया गया।

जीआरपी ने बताया कि इस मामले में ऐसा कोई अपराध नहीं बनता, जिसके तहत उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा सके। इसलिए पुलिस ने कानूनी कार्रवाई करने के बजाय उन्हें चेतावनी दी और भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करने की हिदायत दी।

पुलिस ने यह भी समझाया कि इस तरह की रील बनाकर वे न केवल अपनी जान जोखिम में डाल रहे थे, बल्कि किसी अप्रिय घटना की स्थिति में दूसरों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी।

डांस करने वाली सौम्या किन्नर ने अपना एक वीडियो बनाया, जिसमें उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि प्लेटफॉर्म के किनारे खड़े होकर वीडियो बनाना बहुत बड़ी गलती थी।

यदि उस समय कोई ट्रेन आ जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होने के लिए अपनी जान जोखिम में डालकर कभी भी वीडियो या रील न बनाएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में वह ऐसी गलती दोबारा नहीं करेंगी।

 

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.