खेलों से युवाओं में विकसित होती है अनुशासन और नेतृत्व की भावना : आयुष सिन्हा
फरीदाबाद के सेक्टर-12 स्थित खेल परिसर में तीन दिवसीय पुरुष सांसद खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ
फरीदाबाद। उपायुक्त आयुष सिन्हा ने आज सेक्टर- 12 स्थित खेल परिसर में आयोजित पांचवीं सांसद खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने सांसद खेल महोत्सव में भाग लेने पहुंचे सभी खिलाडिय़ों, प्रशिक्षकों, टीम इंचार्जों एवं आयोजन समिति के पदाधिकारियों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के खेल आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच मिलता है तथा उनमें खेल भावना, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त आयुष सिन्हा ने ध्वजारोहण कर खेल महोत्सव की औपचारिक शुभारंभ की घोषणा की। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान हुआ, जिसमें उपस्थित सभी अधिकारियों, प्रशिक्षकों, खिलाडिय़ों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने सम्मानपूर्वक भाग लिया।
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि पांचवें सांसद खेल महोत्सव के तहत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें 3,081 खिलाडिय़ों ने अपना पंजीकरण कराया है। उन्होंने सभी खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खिलाड़ी पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लें तथा अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करें। आयुष सिन्हा ने कहा कि सरकार द्वारा युवाओं को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। सांसद खेल महोत्सव जैसे आयोजनों से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के खिलाडिय़ों को अपनी खेल प्रतिभा को निखारने और उच्च स्तर पर पहचान बनाने का अवसर मिलता है। उन्होंने खिलाडिय़ों का आह्वान किया कि वे खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं और स्वस्थ एवं अनुशासित समाज के निर्माण में योगदान दें। उपायुक्त आयुष सिन्हा ने उपस्थित समस्त खिलाडिय़ों को नशे से दूर रहने एवं खेल भावना को जीवन में अपनाने की शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम में विभिन्न टीमों ने उत्साहपूर्वक मार्च पास्ट में भाग लेते हुए जोश और उत्साह का प्रदर्शन किया गया।
खेल महोत्सव में इस बार 13 विभिन्न प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। तीन दिवसीय खेल महोत्सव के तहत लडक़ो के मुकाबले 22 नवंबर 2026 तक आयोजित होंगे, जिसमें वालीबॉल, बास्केटबाल, सर्कल कबडडी, हॉकी, फुटबाल, खो-खो, हॉकी, बैडमिंटन, टेबल-टैनिस, तलवारबाजी तथा एथलैटिकस खेल करवाये जायेंगे। इस अवसर पर फरीदाबाद एसडीएम डॉ हनी बंसल, नगर निगम अतिरिक्त आयुक्त अमित मान, एचएसवीपी स्टेट अधिकारी नवीन कुमार, खेल विभाग के डिप्टी डायरेक्टर एवं कॉमनवेल्थ गेम्स के स्वर्ण पदक विजेता गौरव सोलंकी, सरोपुर डिस्ट्रिक्ट एसोसिएशन से दीपेंद्र शाह सहित विभिन्न खेल प्रशिक्षक, टीम इंचार्ज, आयोजन समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।
