तोडफ़ोड़ के विरोध में अनंगपुर में ग्रामीणों ने दस्ते का रोका रास्ता

फरीदाबाद। अवैध निर्माण के खिलाफ मंगलवार को कार्रवाई करने पहुंची वन विभाग और नगर निगम की टीम का रास्ता लोगों ने अनंगपुर चौक पर बैरिकेडिंग करके रोक दिया। महिलाएं गांव के प्रवेश द्वार पर बैठकर विरोध जता रही हैं। उनका कहना है कि गांव को नहीं टूटने देंगे। पुलिस के जवान मौके पर मौजूद हैं, लोगों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों ने गांव को लाल डोरा में शामिल करने की मांग की है। रविवार को इस संबंध में पंचायत भी हुई। गौरतलब है कि ग्रामीण जिला उपायुक्त विक्रम सिंह और केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर से गांव को टूटने से बचाने के लिए गुहार लगा चुके हैैं। विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि मंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया था कि मकान नहीं टूटेंगे।

मंगलवार सुबह जब वन विभाग की टीम अनंगपुर गांव की ओर से बढ़ी तो लोगों ने एकत्रित होकर रास्ता रोक दिया। महिलाएं रोने बिलखने लग गईं। सरकार और अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बैरिकेडिंग के कारण डेढ़ घंटे से आवागमन प्रभावित रहा। सौ से अधिक पुलिस के जवान, एसीपी, एसडीएम और वन विभाग तथा नगर निगम के अधिकारी मौके पर हैं। लोग टीम को गांव के अंदर प्रवेश नहीं करने दे रहे हैं।

वन विभाग के अधिकारियों तथा गांव के लोगों द्वारा बनाई गई 21 सदस्यीय कमेटी की मीटिंग चल रही है। प्रदर्शन स्थल पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता विजय प्रताप पहुंचे। उन्होंने कहा कि सरकार और अधिकारी सुुप्रीम कोर्ट के आदेश को गलत तरीके से पेश कर रहे हैं। सरकार अनैतिक और गैर कानूनी तरीके से तोडफ़ोड़ की कार्रवाई कर रही है। सरकार को सुप्रीम कोर्ट में एक हलफनामा दायर कर कैबिनेट की मीटिंग बुलानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को नीति बनाने की आवश्यकता है, जिससे गांव के बीस हजार लोगों के मकान बच जाएंगे।

अनंगपुर टूट रहा है मतलब मेरा घर टूट रहा है। हम लोगों के साथ हैं, गांव को नहीं टूटने देंगे। मंत्री कृष्णपाल को लोगों को बीच आकर उनके साथ खड़े होने की जरूरत है। आवश्यकता पड़ी तो पूरे शहर के लोग एक साथ एकत्रित होकर महापंचायत करेंगे। वन विभाग और निगम की टीम सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई कर रही है। बीते दिनों हुई कार्रवाई में 80 से अधिक बैंक्वेट हाल, मैरिज गार्डन, फार्म हाउस सहित अन्य निर्माण को ढहाया गया। वन विभाग को अरावली वन क्षेत्र में हुए 6497 छोटे-बड़े अवैध निर्माणों को हटाना है। इसकी रिपोर्ट अधिकारी जुलाई के अंत में कोर्ट में पेश करेंगे। मंगलवार को टीम अनंगपुर में फार्म हाउस तोडऩे के लिए पहुंची है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.