फरीदाबाद में चार बच्चों सहित पिता ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान

फरीदाबाद। बल्लभगढ़ में मंगलवार को ट्रेन से कटकर एक व्यक्ति ने अपने चार बच्चों के साथ जान दे दी। पांचों की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रेन की टक्कर के बाद पांचों के शरीर के हिस्से रेलवे ट्रैक पर काफी दूर तक बिखर गए थे। हादसे की सूचना ट्रेन के ड्राइवर ने जीआरपी को दी। इसके बाद पहुंचे पुलिस कर्मियों ने पांचों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। ट्रैक पर फैले पड़े शरीर के हिस्सों को भी समेटा गया।मृतक व्यक्ति की पहचान मनोज महतो (45) के रूप में हुई, वह बिहार का रहने वाला है।

बल्लभगढ़ के सुभाष कॉलोनी में पत्नी और चारों बच्चों के साथ किराए पर रहता था। मरने वाले चारों बच्चे लडक़े है, जिनकी उम्र करीब तीन से दस साल के बीच में है। व्यक्ति ने यह कदम क्यों उठाया, अभी इसकी जानकारी नहीं मिली है। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार दोपहर दो बजे के करीब वह चारों बच्चों को लेकर बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन के नजदीक फ्लाईओवर के पास पहुंचा और दिल्ली की ओर जा रही ट्रेन के आगे कूद गया।

जीआरपी थाने के एसएचओ राजपाल के मुताबिक, इस हादसे की सूचना के बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और पांचों शवों को ट्रैक से हटवाया। मृतक व्यक्ति की जेब से एक पर्ची मिली, जिस पर एक नंबर लिखा मिला। उस नंबर पर कॉल करने पर महिला प्रिया ने रिसीव किया। पूछा गया कि आपके पति और बच्चे कहां है। महिला ने बताया कि उनका पिता चारों बच्चों को पार्क घुमाने ले गया है। इस पर महिला को सूचना दी गई कि रेलवे स्टेशन आ जाइए, हादसा हो गया है। हादसे की सूचना मिलने के पांच मिनट बाद ही महिला प्रिया तुरंत ही स्टेशन पर पहुंच गई। पति और बच्चों के शव देखकर वह बिलख पड़ी।

रोती बिलखती वह बेहोश भी हो गई। प्रिया ने बताया कि बच्चे घुमाने की जिद कर रहे थे। पति मनोज धूप का हवाला देकर बाद में ले जाने की बात कही थी। मगर, बच्चे जिद करने लगे तो वह उन्हें पार्क में घुमाने की बात कहकर ले गया। जीआरपी एसएचओ राजपाल ने बताया कि महिला प्रिया से पूछा गया कि घर में कोई विवाद तो नहीं हुआ था। इस पर महिला ने मना कर दिया। महिला ने कहा कि पति बच्चों को लेकर यहां क्यों आया, सुसाइड क्यों किया, उसे नहीं पता। इसके बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.