सार्वजनिक स्थानों पर बेसहारा पशु घूमता पाया जाता है, तो उसे नियमानुसार चिन्हित स्थलों या गो-आश्रय स्थलों पर पहुँचाना सुनिश्चित करें: डीसी

- जिला में बेसहारा पशुओं की देखभाल हेतु डीसी की अध्यक्षता में समिति की बैठक हुई

फरीदाबाद: जिला उपायुक्त विक्रम सिंह की अध्यक्षता में आज जिला स्तरीय समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें बेसहारा पशुओं की देखभाल एवं उनके रख-रखाव को लेकर गहन चर्चा की गई।

बैठक में डीसी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में यदि कोई भी बेसहारा पशु सड़कों, मुख्य मार्गों या सार्वजनिक स्थानों पर घूमता पाया जाता है, तो उसे नियमानुसार चिन्हित स्थलों या गो-आश्रय स्थलों पर पहुँचाया जाए। उन्होंने कहा कि बेसहारा पशुओं की खुले में आवाजाही से सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है, जिससे पशुओं के साथ-साथ आम नागरिकों की सुरक्षा को भी खतरा उत्पन्न होता है।

उन्होंने ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे जिले की सभी ग्राम पंचायतों में ऐसे स्थलों की पहचान करें जहाँ स्थायी गोशालाओं का निर्माण किया जा सके। इस प्रक्रिया में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पंचायती राज संस्थाओं एवं पशुपालन विभाग का सहयोग सुनिश्चित किया जाए।

उपायुक्त ने यह भी कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता पशु कल्याण के साथ-साथ जन सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने संबंधित विभागों को सख्ती से दिशा-निर्देशों का पालन करने और निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक कार्यवाही पूरी करने के निर्देश दिए।

इस बैठक में एसडीएम फरीदाबाद अमित गुलिया, एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भरद्वाज, नगर निगम संयुक्त आयुक्त गजेंद्र सिंह, सीटीएम अंकित कुमार तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.