बल्लभगढ़ की दो गौशालाओं को हरियाणा सरकार ने दी एक करोड़ से अधिक की सहायता राशि: मूलचंद शर्मा

बल्लभगढ़। हरियाणा सरकार द्वारा गौ सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दर्शाते हुए बल्लभगढ़ उपमंडल की दो प्रमुख गौशालाओं को चारे हेतु एक करोड़ से अधिक की सहायता राशि जारी की गई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार हरियाणा गौ सेवा आयोग ने यह आर्थिक मदद उपलब्ध करवाई है।

विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री पं.मूलचंद शर्मा ने इस राशि के चेक (डीडी) संबंधित गौशाला समितियों को सौंपे। इस योजना के तहत गांव छायंसा स्थित दिल्ली पिंजरापोल सोसाइटी गौशाला को 94.33 लाख रुपये और मोहना स्थित गौ सेवा समिति को 5.95 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई। इस अवसर पर विधायक मूलचंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और हरियाणा सरकार प्रदेश में गौ संरक्षण को लेकर गंभीर हैं।

सरकार का उद्देश्य है कि किसी भी गौशाला को चारे की कमी या किसी अन्य प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि हाल ही में यमुना नदी के जलस्तर में वृद्धि के कारण क्षेत्र की फसलें प्रभावित हुई हैं, लेकिन सरकार समय रहते सहायता प्रदान कर रही है ताकि गोवंश के लिए चारे की कोई कमी न हो। छायंसा गौशाला के प्रधान प्रकाश चंद्र बराठी ने मुख्यमंत्री और विधायक का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर बल्लभगढ़ के एसडीएम मयंक भारद्वाज भी उपस्थित रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.