हर्ष नागर की दो मुर्रा भैंसों ने दूध प्रतियोगिता में मारी बाजी, मिलेगा 40 हजार का इनाम
फरीदाबाद। मुर्रा नस्ल की भैंस पालने वाले पशुपालकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पशुपालन विभाग द्वारा 18 किलो से ऊपर दूध देने वाली भैंसों की दूध रिकॉर्डिंग करवाई जा रही है। इसी कड़ी में विभाग द्वारा गांव फज्जूपुर नीमका में दुग्ध प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें स्थानीय पशुपालक हर्ष नागर पुत्र जसराम की दो मुर्रा भैंसों का इनाम के लिए चयन हुआ है। यह प्रतियोगिता उपमंडल अधिकारी डॉ. सचिन धनखड़ के निर्देशानुसार आयोजित की गई।
राजकीय पशु औषधालय के प्रभारी वीएलडीए राजबेल देशवाल ने बताया कि गांव फज्जूपुर नीमका के पशुपालक हर्ष नागर की दो भैंसों की दूध रिकॉर्डिंग लगातार तीन दिन तक इलेक्ट्रॉनिक तराजू से की गई। औसत के आधार पर एक भैंस ने 21 किलो और दूसरी ने 19 किलो दूध रिकॉर्ड किया। दोनों भैंसों का 20-20 हजार रुपये के इनाम के लिए चयन हुआ है, जिसके तहत हर्ष नागर को कुल 40 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी।
पशुपालन विभाग की योजना के तहत 18 से 22 किलो तक दूध देने वाली मुर्रा भैंस को 20 हजार रुपये, 22 से 25 किलो तक 30 हजार रुपये और 25 किलो से ऊपर दूध देने वाली भैंस के मालिक को 30 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। कोई भी पशुपालक अपने पशु का रजिस्ट्रेशन करवाकर इस योजना का लाभ ले सकता है। इस मौके पर विभाग की टीम में डॉ. पीयूष, डॉ. सत्येंद्र और वीएलडीए संदीप कुमार सहित कई पशुपालक मौजूद रहे।
