जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश संदीप गर्ग ने किया नीमका जेल का निरीक्षण

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री संदीप गर्ग ने जिला जेल, नीमका फरीदाबाद का आकस्मिक (सरप्राइज) निरीक्षण किया। इस अवसर पर उनके साथ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी श्रीमती रितु यादव भी मौजूद रहीं।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कैदियों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कैदियों को आश्वस्त किया कि यदि कोई अपनी समस्या अलग से बताना चाहता है तो उसे भी पूरा अवसर दिया जाएगा। उन्होंने जेल की कार्यप्रणाली, रजिस्टर तथा अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

जेल में कैदियों के लिए बनने वाले भोजन की गुणवत्ता और जेल अस्पताल की स्थिति का भी उन्होंने निरीक्षण किया। कैदियों से बातचीत करते हुए उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से उपलब्ध मुफ्त कानूनी सहायता सेवाओं की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यदि किसी भी बंदी को कानूनी सहायता या काउंसलिंग की आवश्यकता है तो वे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा, सोमवार, बुधवार, बृहस्पतिवार, शुक्रवार और शनिवार को जिला जेल में स्थापित जेल क्लिनिक पर प्राधिकरण के वकीलों से मिलकर अपनी समस्या का समाधान कर सकते हैं। यह सुविधा मुफ्त में उपलब्ध है और इसे जेल प्रशासन के माध्यम से भी लिया जा सकता है।

निरीक्षण के दौरान उनके साथ जिला जेल अधीक्षक हरविंदर सिंह, डिप्टी जेल अधीक्षक सचिन कौशिक, साजिद खान, सुमित पवार, सहायक जेल अधीक्षक मोहनलाल, डिफेंस काउंसिल रविंद्र गुप्ता, राजेंद्र, स्वप्निल तथा अन्य जेल स्टाफ भी उपस्थित रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.