राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू के आगमन में उपप्रधान पवन शर्मा की रही अहम भूमिका, पर्यावरण दिवस पर लगाया पौधा

चंडीगढ़। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट नगर में राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। ट्रांसपोर्ट नगर पहुंचने पर चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रधान जसवीर सिंह गिल, चेयरमैन के.के. अबरोल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष तरसेम पुरी तथा अन्य पदाधिकारियों ने उन्हें सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया एवं गर्मजोशी से स्वागत किया।

सांसद सतनाम सिंह संधू का यह दौरा ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के उपप्रधान पवन शर्मा के विशेष आग्रह पर आयोजित किया गया। इस अवसर पर सांसद संधू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

अपने संबोधन में सांसद संधू ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने सभी ट्रांसपोर्टरों एवं क्षेत्रवासियों से आगामी वर्षा ऋतु के दौरान कम से कम एक पौधा अपनी माता के नाम पर लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक वृक्षारोपण से आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिल सकेगा तथा यदि फलदार वृक्ष लगाए जाएं तो यह समाज के लिए और भी लाभकारी सिद्ध होगा।

इस दौरान सांसद संधू ने ट्रांसपोर्ट नगर का निरीक्षण भी किया तथा ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े लोगों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि ट्रांसपोर्ट नगर की प्रमुख समस्याओं को संबंधित विभागों एवं केंद्रीय परिवहन मंत्रालय के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर इन मुद्दों को संसद में भी रखने का प्रयास किया जाएगा, ताकि ट्रांसपोर्टरों को राहत मिल सके।

उपप्रधान पवन शर्मा ने कहा कि सांसद सतनाम सिंह संधू समाज सेवा, शिक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहे हैं। उनके व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद ट्रांसपोर्ट नगर पहुंचकर समस्याएं सुनना ट्रांसपोर्ट समुदाय के लिए उत्साहवर्धक है। उन्होंने सांसद संधू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से ट्रांसपोर्ट नगर की लंबित समस्याओं के समाधान की नई उम्मीद जगी है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ उपाध्यक्ष तरसेम पुरी, महासचिव बलदीप सिंह, उपप्रधान पवन शर्मा, खजांची देशराज पठानिया, मेजर राजेंद्र सिंह विर्क सहित बड़ी संख्या में ट्रांसपोर्टर एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

अंत में ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन की ओर से राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू का ट्रांसपोर्टरों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने, पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने तथा क्षेत्र के विकास के प्रति सकारात्मक आश्वासन प्रदान करने के लिए धन्यवाद व्यक्त किया गया।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.