आग लगाकर फरार हुए अज्ञात, वासु गार्डन सुलगा, लाखों का सामान हुआ स्वाहा

फरीदाबाद। सूरजकुंड थाना क्षेत्र में स्थित वासु गार्डन में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब कुछ अज्ञात शरारती तत्वों ने गार्डन के पीछे की ओर आग लगा दी। घटना सुबह लगभग 7:00 बजे की बताई जा रही है। आग की सूचना मिलते ही फायर विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

गार्डन के मालिक सुभाष ने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी सुबह करीब 7:15 बजे गार्डन में काम कर रहे मजदूर ने दी। इसके बाद वह तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि जब वह गार्डन पर पहुंचे तो फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां पहले से ही आग बुझाने में जुटी हुई थीं। एक मजदूर ने मालिक को बताया कि सुबह गार्डन के बाहर दो स्कूटी पर तीन युवक खड़े थे। वे कब गार्डन के पीछे गए और पर्दों में कोई ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाकर फरार हो गए, किसी को कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला।

मजदूरों ने प्रयास किया, लेकिन वे उन्हें पकड़ नहीं सके और उनका स्कूटी नंबर भी नोट नहीं हो पाया। इस आगजनी की घटना में गार्डन में रखा कीमती फर्नीचर, कुर्सियां, टेंट आदि जलकर खाक हो गए। गार्डन मालिक के अनुसार इस आग से उन्हें करीब 70 लाख रुपए का नुकसान हुआ है, जिसमें अकेले फर्नीचर का ही नुकसान लगभग 40 लाख रुपए बताया गया है। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले, 30 मई को वन विभाग द्वारा गार्डन में तोड़फोड़ की गई थी, जिसके कारण सारा सामान खुले में एक तरफ रखा हुआ था।

उसी समय से गार्डन में सुरक्षा भी कम हो गई थी।घटना की जानकारी डायल 112 के माध्यम से पुलिस को दी गई, जिसके बाद सूरजकुंड थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। गार्डन मालिक सुभाष बैसला ने इस मामले में थाने में लिखित शिकायत दी है। चूंकि गार्डन में और आसपास कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं था, इसलिए आग लगाने वालों की तस्वीरें या पहचान नहीं हो सकी है।

इस संबंध में सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रहलाद कुमार ने जानकारी देते हुए कहा कि घटना की शिकायत मिल चुकी है और जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि गार्डन में वन विभाग की कार्रवाई के चलते सीसीटीवी कैमरे काम नहीं कर रहे थे, लेकिन पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे कैमरों की फुटेज चेक किये जा रहे है। अगर आरोपियों की पहचान होती है तो उन्हें जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.