भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित : रुपचंद लाम्बा

इनेलो जिलाध्यक्ष का बड़े गांव मोहना में हुआ जोरदार स्वागत

फरीदाबाद। इनेलो के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष रुपचंद लाम्बा ने प्रदेश की भाजपा सरकार को विकास विरोधी करार देते हुए कहा कि इस सरकार में केवल घोषणाएं की जा रही है, उस घोषणाओं को जमीनी स्तर पर लागू नहीं किया जा रहा। आज सरकार की ज्यादती से व्यापारी, किसान, गरीब, पिछड़ा हर वर्ग प्रभावित है और ट्रिपल इंजन सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। इनेलो जिलाध्यक्ष रुपचंद लाम्बा पृथला विधानसभा क्षेत्र के बड़े गांव मोहना में ग्रामीणों द्वारा आयोजित विशाल स्वागत समारोह को बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। इस दौरान गांव की मौजिज सरदारी ने उन्हें सम्मान रुपी पगड़ी बांधी और जिलाध्यक्ष नियुक्त करने पर इनेलो शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। इस दौरान इनेलो जिलाध्यक्ष रुपचंद लाम्बा ने गांव के प्रसिद्ध सिद्धबाबा मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 5 लाख 51 हजार रुपए की राशि अपने निजी कोष से देने की घोषणा की, जिस पर ग्रामीणों ने दोनों हाथ उठाकर श्री लाम्बा का आभार जताया।

ग्रामीणों द्वारा दिए गए स्नेह रुपी आर्शीवाद से उत्साहित इनेलो जिलाध्यक्ष रुपचंद लाम्बा ने कहा कि ताऊ देवीलाल और पूर्व मुख्यमंत्री चौ. ओमप्रकाश चौटाला ने सदैव हरियाणा कि विकास को प्राथमिकता दी थी, जब-जब प्रदेश में इनेलो की सरकार रही, हर वर्ग आर्थिक व सामाजिक रुप से मजबूत हुआ। लेकिन आज भाजपा-कांग्रेस पार्टियां प्रदेश को धर्म व जाति के नाम पर बांट रही है, ये पार्टियां लोगों का विकास नहीं बल्कि अपना विकास करने में जुटी है। श्री लाम्बा ने कहा कि इनेलो पार्टी किसान, गरीब, दलित और कमेरे वर्ग की पार्टी है और यह पार्टी सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है। श्री लाम्बा ने विधायक अभय सिंह चौटाला की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह मजबूत नेतृत्व वाले व्यक्ति है और जो कहते है, उसे पूरा करते है।

मुझ जैसे आम कार्यकर्ता को उन्होंने जिलाध्यक्ष की जिम्मेवारी सौंपकर साबित कर दिया कि वह हर कार्यकर्ता का पूरा मान सम्मान रखते है। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि हरियाणा में आने वाला समय इनेलो का है, इसलिए फरीदाबाद में शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान चलाकर संगठन को मजबूत करने की कवायद शुरु की जाएगी और कर्मठ व मेहनती कार्यकर्ताओं को जिम्मेवारियां सौंपी जाएगी। इस अवसर पर रिसाल सैक्रेटरी, ईश्वर नंबरदार, रतीराम, रणजीत, उमेद, सीताराम (कुकरिया), धर्मवीर पहलवान, समय अत्री मोहना, जीत डागर, शम्भू, ओमबीर, नहार सिंह धारीवाल, देवी लाम्बा, महावीर लोकदल, नन्दलाल, प्रभु मास्टर, यशपाल अरोड़ा, योगेश लाला जी, किरोरी, धन्नी सहित अनेकों गणमान्य लोग मौजूद थे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.