आंगनबाड़ी वर्कर्स और हेल्पर्स ने संसद मार्च में भाग लेने का लिया निर्णय
फरीदाबाद। आंगनबाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर्स यूनियन की शहरी और ग्रामीण कमेटी की बैठक शनिवार को ओल्ड फरीदाबाद स्थित सीटू कार्यालय में हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान मालवती ने की, जबकि संचालन जिला उपाध्यक्ष कमलेश ने किया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला सचिव वीरेंद्र सिंह डंगवाल ने बताया कि सीटू के आह्वान पर मजदूर, स्कीम वर्कर्स और कच्चे-पक्के कर्मचारी 1 से 3 दिसंबर तक दिल्ली के रामलीला मैदान में एकत्रित होकर संसद मार्च करेंगे। उन्होंने केंद्र सरकार से चारों श्रम संहिताएं रद्द करने की मांग की। उनका कहना था कि इन कानूनों से मजदूरों के अधिकार प्रभावित होंगे और यूनियन बनाने, हड़ताल करने तथा प्रदर्शन करने में कठिनाइयां आएंगी।
रिटायर कर्मचारी संघ के जिला प्रधान एवं आंगनबाड़ी वर्कर्स और हेल्पर्स यूनियन के कोषाध्यक्ष नवल सिंह ने कहा कि सरकार देश में न्यूनतम वेतन 42 हजार रुपये प्रतिमाह घोषित करे। साथ ही मजदूरों को सेवानिवृत्ति के लाभ भी दिए जाएं। बैठक में 1 नवंबर को दिल्ली में होने वाली रैली में भाग लेने का निर्णय लिया गया। वक्ताओं ने बताया कि रैली को सफल बनाने के लिए सभी शाखाओं की बैठकें की जा चुकी हैं।
इस मौके पर सीटू के जिला प्रधान निरंतर पराशर, जिला कमेटी सदस्य वीरेंद्र पाल सिंह, राधा शर्मा, सविता, अनीता, यासमीन और गीता सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
