एडीसी ने चिन्हित अपराध एवं एनकॉर्ड मामलों की ली समीक्षा बैठक

- पुलिस राइडर रात में करें गश्त : सतबीर मान, एडीसी

फरीदाबाद। अतिरिक्त उपायुक्त सतबीर मान की अध्यक्षता में चिन्हित अपराधों और एनकोर्ड मामलों की समीक्षा बैठक आज सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय के सभागार कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए एडीसी ने कहा कि नशा तस्करी और गंभीर अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई की जाए तथा कोई भी मामला बिना ठोस कारण के लंबित न रखा जाए।
एडीसी सतबीर मान ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जहां-जहां पुलिस द्वारा चेकिंग की जाती है, वहां की रिपोर्ट साथ लाना सुनिश्चित किया जाए और नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।

एडीसी ने पुलिस विभाग को निर्देशित किया कि रात्रिकालीन गश्त को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस राइडर नियमित रूप से रात्रि गश्त करें ताकि नशे की गतिविधियों और आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त कार्यवाही की जाए। युवाओं को नशे की चपेट में आने से रोकने के लिए स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएं।
एडीसी ने जिला में चल रहे अवैध नशा मुक्ति केंद्रों की पहचान कर उनके विरुद्ध त्वरित छापेमारी और कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में एडीसी ने यह भी निर्देश दिए कि चिन्हित मामलों में यदि संबंधित व्यक्ति समन के बावजूद अनुपस्थित रहता है, तो उसके विरुद्ध वारंट जारी किया जाए। अदालत में प्रस्तुत किए जाने वाले मामलों की रिपोर्ट पूरी तैयारी के साथ बनाई जाए ताकि अदालत में मजबूत पक्ष रखा जा सके। इस अवसर पर एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, एसडीएम फरीदाबाद अमित गुलिया, जिला न्यायवादी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.