बड़खल की जनता के लिए बड़ी सौगात: एमसीएफ लगाएगा नया एसटीपी प्लांट

- महापौर ने जल संरक्षण और सीवरेज समाधान की दिशा में उठाया बड़ा कदम

फरीदाबाद। नगर निगम की महापौर प्रवीण जोशी ने बड़खल क्षेत्र की दशकों पुरानी सीवरेज समस्या के स्थायी समाधान के लिए बड़ी घोषणा की है। उन्होंने बताया कि सुरजकुंड पार्किंग एरिया की जमीन पर अब एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) स्थापित करने की मंजूरी मिल गई है, जिससे बड़खल समेत आसपास के क्षेत्र के हजारों निवासियों को लाभ मिलेगा।
महापौर प्रवीण जोशी ने कहा कि इस परियोजना पर लगभग 12 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह एसटीपी शिव दुर्गा विहार, लक्कड़पुर और दयालबाग क्षेत्र सहित बड़खल की बड़ी आबादी को कवर करेगा। इससे न केवल सीवरेज का सही और पर्यावरण के अनुकूल समाधान मिलेगा, बल्कि जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

महापौर ने बताया कि इस प्लांट से प्राप्त पानी का इस्तेमाल जमीन रिचार्ज, राजहंस होटल, ग्रीन बेल्ट की सिंचाई और सूरजकुंड मेले के दौरान छिड़काव के लिए किया जाएगा। लगभग 1.4 हेक्टेयर क्षेत्र में बनने वाला यह प्लांट फरीदाबाद की साफ-सफाई और पर्यावरण संरक्षण में अहम भूमिका निभाएगा।परियोजना में देरी का मुख्य कारण उपयुक्त भूमि का अभाव था। निगम के पास उपलब्ध भूमि ऊंचाई पर थी जिससे लागत अधिक हो रही थी, वहीं अन्य भूमि ग्रुप हाउसिंग के लिए आरक्षित थी। पर्यटन विभाग से अनुमति लेने के बाद सरकार को करोड़ों रुपये की बचत भी हुई है।

महापौर प्रवीण जोशी ने इस परियोजना को सफल बनाने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर और कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि बड़खल की जनता के हित में वर्षों से अटकी इस परियोजना को गति देना और फरीदाबाद के विकास को बढ़ावा देना मेरा संकल्प है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.