मोहब्बत की दुकान चलाने वालों की रैली में नफ़रत से भरे नारे क्यों, अध्यक्ष ने क्यों नहीं लिया संज्ञान, नवीन रोहिल्ला
होडल। हथीन विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी की रैली में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे के मामले को लेकर होडल विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय चुनाव लडने वाली डॉ नवीन रोहिल्ला ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि आज मोहब्बत की दुकान चलाने वालों की रैली में नफ़रत क्यों फैलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि हम गंगा यमुना की तहजीब भारतीय संस्कृति परंपरा को मानने वाले लोग हैं। हम सभी एक दूसरे की शादी विवाह में आते जाते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष भी उक्त प्रत्याशी के नांमाकन में शामिल हुए और ऐसा वाकया होने के बाद उन्होंने संज्ञान क्यों नहीं लिया।
डॉ नवीन रोहिल्ला ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदयभान को घेरते हुए कहा कि ओछी राजनीति ना करके एक स्वस्थ राजनीति करें। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को उक्त मामले को लेकर स्वयं संज्ञान लेना चाहिए था। हमारे पूरे जिले में आपसी भाईचारा कायम है कभी कोई ऐसी हरकत नहीं हुई जिससे आपसी सोहार्द तालमेल खराब हो। वह हमारे भाईचारे को खराब कर आपस में बांटना चाहते हैं। उन्होंने राष्ट्रीय समाचार पत्र अमर उजाला और पंजाब केसरी में प्रकाशित हुई खबरों का जिक्र करते हुए कहा कि मोहब्बत की दुकान चलाने वालों के मुंह में दही कैसे जम गया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदयभान की अध्यक्षता में आयोजित कांग्रेस प्रत्याशी की रैली में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए जाना बहुत निंदनीय है। कांग्रेस ने हमेशा एक दूसरे को बांटने का काम किया है। इस प्रकार से नारेबाजी करना किसी भी प्रकार से देशहित में नहीं है। वह उनकी कडी पूरी तरह से भर्त्सना करती हैं। डा. रोहिल्ला शनिवार को अपने कार्यालय पर पत्रकार वार्ता को सम्बोधित कर रही थीं। इस अवसर पर डा. रोहिल्ला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी केवल वोट वटोरने के लिए एक दूसरे को बांटने का काम कर रही है।
डॉ नवीन रोहिल्ला ने कहा कि उदयभान ने अब तक क्षेत्र में झूठ की राजनीति की है। उन्हें क्षेत्र की जनता की समस्याओं से कोई लेना देना नहीं है। हम सभी हिंदू मुसलमान एक ही देश के नागरिक हैं और आपसी भाईचारे के साथ के अमन चैन से रहते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी बाद में है, इससे पहले हम सभी हिंदू मुसलमान एक ही देश के नागरिक हैं। हम गंगा जमुना तहजीब को मानते हैं और हिंदू मुस्लिम सभी एक दूसरे के साथ मिलकर अमन चैन से रहते हैं। सभी का एक दूसरे से आपसी भाई चारा बना रहता है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही वीडियों में नारे लगाने वाले अपने आप को कांग्रेस कार्यकर्ता बता रहे हैं, लेकिन अभी तक इनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गई है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं की क्या यही पृष्ठ भूमि है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केवल मोहर वाले अध्यक्ष बनकर रह गए हैं। उनमें कुछ साहस और जौहर भी होना चाहिए। डा. रोहिल्ला ने उदयभान को नसीहत देते हुए कहा है कि वह हमारे क्षेत्र में लोगों को भटकाने और आपस में बांटने का काम बंद करें। उन्होंने कहा कि पता नहीं जिन्होंने इस प्रकार से देश विरोधी नारे लगाए हैं, वह मुसलमान हैं भी या नहीं। इस प्रकार का वाकया पूरी कौम को बांटने की साजिश है। उन्होंने होडल से भाजपा प्रत्याशी हरेंद्र को भी नसीहत देते हुए कहा कि वह केवल टिकट की राजनीति ना करें,बल्कि क्षेत्र की जनता के मुद्दों से भी जुडें। केवल टिकट प्राप्त करने से ही जीत की गारंटी पक्की नहीं हो जाती है।
