अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी व ईमानदारी से निर्वहन करें पुलिसकर्मी : सतेंद्र गुप्ता
संविधान दिवस पर पुलिस आयुक्त ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को दिलाई शपथ
फरीदाबाद। संविधान दिवस के अवसर पर फरीदाबाद पुलिस की ओर से पुलिस आयुक्त कार्यालय, सेक्टर-21सी में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान के प्रति निष्ठा और समर्पण की शपथ दिलाई। इस दौरान सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता, आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के साथ अपने कर्तव्यों का ईमानदारी एवं निष्ठा से पालन करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि संविधान दिवस देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का महत्वपूर्ण अवसर है।
भारतीय संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, न्याय और स्वतंत्रता का अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि भारत की विविधता में एकता ही देश की सबसे बड़ी ताकत है। सभी को संविधान में निहित मूल्यों का सम्मान करते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना चाहिए। वहीं, पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि संविधान दिवस के अवसर पर पुलिस आयुक्त कार्यालय के साथ-साथ फरीदाबाद के विभिन्न पुलिस थानों एवं चौकियों में भी शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में पुलिसकर्मियों ने संविधान के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त करते हुए देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प लिया। सभी ने समाज में आपसी भाईचारा, शांति और सौहार्द कायम रखने तथा अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी से निर्वहन करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
