विद्यालयों में बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा एवं साइबर अपराधों से बचाव के लिए चलेगा जागरूकता अभियान
फरीदाबाद । राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद द्वारा जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा एवं साइबर अपराधों से बचाव के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर खतरों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें इंटरनेट के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग के लिए प्रेरित करना है।
यह अभियान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद जगदीप सिंह के कुशल मार्गदर्शन तथा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-सह-सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में संचालित किया जाएगा।
सीजेएम जितेंद्र सिंह ने बताया कि अभियान के तहत जिला के विद्यालयों में चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल cybercrime.gov.in से संबंधित जागरूकता पोस्टर लगाए जाएंगे। इन माध्यमों के जरिए बच्चों को साइबर अपराध की स्थिति में सहायता एवं शिकायत दर्ज कराने के उचित तरीकों की जानकारी दी जाएगी।
विद्यालयों में आयोजित होने वाले जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों को साइबर बुलिंग, ऑनलाइन ग्रूमिंग, सेक्सटॉर्शन तथा एआई के माध्यम से तैयार की जाने वाली भ्रामक एवं फर्जी सामग्री जैसे ऑनलाइन खतरों के प्रति भी जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही बच्चों को सुरक्षित पासवर्ड, व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता, संदिग्ध लिंक एवं संदेशों से बचाव तथा सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग सहित डिजिटल स्वच्छता के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी जाएगी।
सीजेएम जितेंद्र सिंह ने कहा कि वर्तमान डिजिटल दौर में बच्चों को ऑनलाइन खतरों से सुरक्षित रखने के लिए जागरूकता और सही जानकारी बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति सजग करना तथा किसी भी साइबर घटना की स्थिति में उचित माध्यम से शिकायत करने के लिए सक्षम बनाना है। उन्होंने अभिभावकों एवं शिक्षकों से भी अपील की कि वे बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों के प्रति सजग रहें और उन्हें सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार के लिए निरंतर प्रेरित करें।
