संविधान दिवस पर ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
फरीदाबाद। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मेरा युवा भारत, फरीदाबाद के तत्वावधान में संविधान दिवस के अवसर पर एनआईटी 05 स्थित के.एल. मेहता दयानंद महिला कॉलेज में ‘विकसित भारत युवा संवाद’ कार्यक्रम के अंतर्गत ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें स्वस्थ, जिम्मेदार एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में डॉ. मीनू दुआ ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी प्रियंका मलिक, यूथ आइकन मोहित पाठक तथा कार्यक्रम संयोजक डॉ. प्रीति मलिक सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लगभग 100 से 150 महिलाओं एवं छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं एवं महिलाओं ने यूथ आइकन मोहित पाठक के साथ संवाद करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण, युवाओं की भूमिका तथा विकसित भारत के संकल्प से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार एवं सवाल साझा किए। यूथ आइकन मोहित पाठक ने पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका के बारे में जागरूक किया। उन्होंने युवाओं से खेल, शिक्षा, अनुशासन, कौशल विकास एवं सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया।
डॉ. मीनू दुआ ने कहा कि संविधान दिवस हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ राष्ट्र एवं समाज के प्रति अपने कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। युवाओं को संविधान के मूल्यों को आत्मसात करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर ही युवा अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का सकारात्मक उपयोग कर सकते हैं।
जिला युवा अधिकारी प्रियंका मलिक ने युवाओं को मेरा युवा भारत के माध्यम से संचालित विभिन्न गतिविधियों से जुड़ने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त एवं जागरूक युवा ही स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव हैं।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. प्रीति मलिक ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. मोनिका सिंगला ने किया। मेरा युवा भारत के स्वयंसेवक अभिषेक एवं युधिष्ठिर ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं प्रतिभागियों ने नशामुक्त भारत और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
