फरीदाबाद में अंधेरे में रेलवे इंजन से टकराया कंटेनर:ड्राइवर समेत दो लोग घायल

फरीदाबाद के ग्रीनफील्ड एरिया में गुरुकुल के पास लक्कड़पुर इंडस्ट्रियल एरिया में रात को एक कंटेनर ट्रक रेलवे के मैकेनिकल इंजन से टकरा गया। हादसे में कंटेनर चालक और एक बाइक सवार घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया।

आसपास मौजूद लोगों ने काफी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों की हालत स्थिर है।

पुलिस के मुताबिक, कंटेनर पहले सड़क किनारे पेड़ से टकराया था। इसके बाद अनियंत्रित होकर आगे बढ़ा और प्लेसर इंडिया कंपनी के बाहर रेलवे ट्रैक पर खड़े मैकेनिकल इंजन से भिड़ गया। फिलहाल किसी पक्ष ने लिखित शिकायत नहीं दी है।

जानकारी के अनुसार, देर शाम कंटेनर ट्रक लक्कड़पुर इंडस्ट्रियल एरिया के रास्ते से गुजर रहा था। अंधेरा होने के कारण चालक को सड़क किनारे खड़ा पेड़ दिखाई नहीं दिया। कंटेनर पहले पेड़ से टकराया और फिर बेकाबू होकर आगे बढ़ गया।

कुछ दूरी पर प्लेसर इंडिया कंपनी के बाहर रेलवे ट्रैक पर खड़े मैकेनिकल इंजन से उसकी सीधी टक्कर हो गई। इससे कंटेनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया।

 

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.