फरीदाबाद नाहर सिंह स्टेडियम का काम नई एजेंसी करेगी पूरा
फरीदाबाद के शहीद राजा नाहर सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का अधूरा निर्माण अब नई एजेंसी पूरा करेगी। नगर निगम ने काम में देरी और नोटिस का जवाब नहीं देने पर पुरानी निर्माण एजेंसी रंजीत बिल्डकॉन लिमिटेड को ब्लैकलिस्ट कर दिया है। अब निगम स्टेडियम का बचा हुआ काम पूरा कराने के लिए नई एजेंसी की तलाश कर रहा है।
विभागीय सूत्रों के मुताबिक, ब्लैकलिस्ट की गई एजेंसी का नगर निगम पर करीब 6 से 7 करोड़ रुपए बकाया है। भुगतान नहीं होने के कारण एजेंसी ने काम बंद कर दिया था।
25 प्रतिशत काम भी पूरा नहीं कर पाई थी एजेंसी
एजेंसी रंजीत बिल्डकॉन लिमिटेड को स्टेडियम में 25 प्रतिशत काम को पूरा करने की जिम्मेदारी थी। लेकिन एजेंसी अपने हिस्से का काम भी पूरा नही कर पाई। एजेंसी के द्वारा काम को बीच में रोक दिया गया। निगम ने इसको लेकर एजेंसी को नोटिस जारी किया था। लेकिन निगम को कोई जवाब नहीं मिला तो कंपनी को ब्लैकलिस्ट घोषित कर दिया।
नगर निगम कमीश्नर अनिल यादव ने बताया कि काम को लेकर एजेंसी को नोटिस दिया गया था। लेकिन उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं दिया गया। स्टेडियम का बचा हुआ काम पूरा करने के लिए नई एजेंसी को हायर किया जाएगा। इसको लेकर बचे हुआ काम का अलग से टेंडर निकाला जाएगा।
2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने स्टेडियम का जीर्णोद्धार करने की घोषणा की थी। उस समय 135 करोड़ रुपए का बजट मंजूर किया गया था। जिसको बाद में अलग-अलग कामों के लिए बढ़ाया गया है। शुरू लेकर अंत कर पूरे होने वाले कार्यों का बजट 200 करोड़ तक पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है।
साल 2019 में इसे आधुनिक सुविधाओं के साथ सिडनी के क्रिकेट ग्राउंड की तर्ज पर विकसित करने का काम शुरू हुआ था। लेकिन अभी तक 6 साल बाद भी केवल 60 प्रतिशत काम ही पूरा हो पाया है।
