अधर ने फरीदाबाद में शुरू की ‘हिमालया हीरो’ पहल, स्कूली बच्चों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने की अनोखी मुहिम
फरीदाबाद। पर्यावरण को स्वच्छ रखना और प्रदूषण कम करना ही सच्ची देशभक्ति है। इसकी शुरुआत दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलावों से करनी होगी। यह बात वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं जीआरपी के डीएसपी राजेश चेची ने शनिवार को सैनिक कॉलोनी स्थित बी.एन. पब्लिक स्कूल में आयोजित पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम में कही। कार्यक्रम का आयोजन अधर संस्था ने ‘प्रदूषण को बाय-बाय, स्वच्छ हवा में सांस लें, हरियाली अपनाएं’ विषय के तहत किया। राजेश चेची ने विद्यार्थियों से पटाखे नहीं जलाने, वाहनों का कम इस्तेमाल करने और सड़क पर पड़ी पॉलिथीन को उठाकर कूड़ेदान में डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास मिलकर प्रदूषण जैसी बड़ी समस्या से निपटने में मददगार साबित हो सकते हैं।
ईएसआई अस्पताल, फरीदाबाद के वरिष्ठ सर्जन एवं एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. हेमंत अत्री ने कहा कि चरित्र निर्माण, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना से ही समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने बच्चों को स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनने का संदेश दिया। कार्यक्रम में अधर की ओर से ‘हिमालया हीरो’ पहल शुरू की गई। इसके तहत स्कूली बच्चों का समूह बनाकर उन्हें पर्यावरण संरक्षण की गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों को स्वच्छ हवा, नदियों, जंगलों, पेड़-पौधों और हिमालय की रक्षा के लिए प्रेरित करना है।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या नीतू सिंह, गढ़वाल सभा के अध्यक्ष राकेश घिल्डियाल, आर.पी. उनियाल, पी.एन. भट्ट, देव सिंह रावत, विक्रम सिंह रावत, अजय रावत और लखन सिंह रावत मौजूद रहे। संस्था की ओर से अध्यक्ष एम.एस. नेगी, महेश नौडियाल, सुशील सेमवाल, पूरण रावत और शीलू रावत ने सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन सुनीता नौडियाल ने किया।
एम.एस. नेगी ने अतिथियों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार जताया। अधर संस्था उत्तराखंड में पर्यावरण संरक्षण, ग्रामीण आजीविका और पलायन रोकने की दिशा में कार्य कर रही है।
