लौह पुरुष की याद में दौड़ा फरीदाबाद: केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने ‘रन फॉर यूनिटी’ को दिखाई हरी झंडी

फरीदाबाद। लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर आज सेक्टर-12 स्थित खेल परिसर में ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के उपलक्ष्य में ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर फरीदाबाद के युवाओं और शहरवासियों ने पूरे उत्साह के साथ दौड़ लगाकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव का सशक्त संदेश दिया। कार्यक्रम में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और हरी झंडी दिखाकर ‘रन फॉर यूनिटी’ को रवाना किया।
कार्यक्रम की शुरुआत सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। मुख्य अतिथि कृष्णपाल गुर्जर सहित उपस्थित सभी विशिष्ट अतिथियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने लौहपुरुष को अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए।

समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की 500 से अधिक रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराकर अखंड भारत के निर्माण में एक युग निर्माता की भूमिका निभाई थी। उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, अद्भुत नेतृत्व क्षमता और दूरदर्शिता से देश की एकता एवं अखंडता को एक अटूट आधार प्रदान किया। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने भारत को विभाजित रखने का जो षड्यंत्र रचा था, उसे सरदार पटेल ने अपनी रणनीतिक सूझबूझ से निष्फल कर दिया। उन्हीं के महान प्रयासों का परिणाम है कि आज पूरा देश कश्मीर से कन्याकुमारी तक एक सूत्र में पिरोया हुआ है और हर नागरिक बिना किसी बाधा के पूरे राष्ट्र में स्वतंत्र रूप से यात्रा कर सकता है।

संबोधन के उपरांत मुख्य अतिथि कृष्णपाल गुर्जर ने खेल परिसर में मौजूद सभी प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस कर्मियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। सभी उपस्थित लोगों ने देश की आंतरिक सुरक्षा, एकता और अखंडता को अक्षुण्ण रखने तथा आपसी भाईचारे का संदेश फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में फरीदाबाद के उपायुक्त आयुष सिन्हा ने मुख्य अतिथि कृष्णपाल गुर्जर को पौधा भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

इस अवसर पर जिला परिषद चेयरमैन विजय सिंह, पुलिस आयुक्त सत्येंद्र कुमार गुप्ता, डीसीपी हिमाद्री कौशिक, एसडीएम फरीदाबाद डॉ. हनी बंसल, नगराधीश अंकित कुमार सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और शहर के कई गणमान्य लोग मुख्य रूप से मौजूद रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.