अग्रवाल कॉलेज के विद्यार्थियों ने किया महिला पुलिस थाना का शैक्षणिक भ्रमण

फरीदाबाद। अग्रवाल कॉलेज, बल्लभगढ़ के विद्यार्थियों ने महिला सुरक्षा, कानूनी जागरूकता तथा पुलिस की कार्यप्रणाली को समझने के उद्देश्य से महिला पुलिस थाना, बल्लभगढ़ का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस प्रकार के कार्यक्रमों के आयोजन का श्रेय कॉलेज के प्रधान श्री देवेंद्र कुमार गुप्ता तथा महासचिव एडवोकेट दिनेश कुमार गुप्ता को जाता है । कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. सी0 एस0 वशिष्ठ जी के मार्गदर्शन में  महिला प्रकोष्ठ के द्वारा इस महिला थाना का भ्रमण छात्राओ ने किया।  थाने की ओर से एसएचओ सुनीता तथा एएसआई नीलम ने विद्यार्थियों को बहुत ही प्रभावी रूप से छात्राओं को समझाया ।भ्रमण में विद्यार्थियों के साथ महिला प्रकोष्ठ की संयोजिका डॉ. रेखा सैन तथा महिला प्रकोष्ठ की सदस्या डॉ. अनीता वशिष्ठ भी उपस्थित रहीं। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को महिलाओं की सुरक्षा से संबंधित कानूनों, उनके अधिकारों तथा पुलिस द्वारा महिलाओं की सहायता के लिए किए जा रहे प्रयासों से परिचित कराना था।

भ्रमण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को महिला पुलिस थाने की कार्यप्रणाली, महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों की शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया तथा पीडि़त महिलाओं को प्रदान की जाने वाली सहायता के बारे में जानकारी दी। विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा से संबंधित कानूनी प्रावधानों, साइबर अपराधों, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ और उत्पीडऩ जैसी समस्याओं के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही, उन्हें किसी भी आपातकालीन स्थिति में पुलिस से संपर्क करने तथा अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पुलिस के साथ-साथ समाज की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की हिंसा या उत्पीडऩ की स्थिति में चुप न रहने और उचित माध्यम से शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रोत्साहित किया। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने प्रश्न पूछे और महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं। डॉ. रेखा सैन एवं डॉ. अनीता वशिष्ठ ने इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमणों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना समय की आवश्यकता है। इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, संवेदनशीलता तथा जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करने में सहायक होती हैं। यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी रहा। अग्रवाल कॉलेज का यह प्रयास विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक जानकारी प्रदान करने तथा उन्हें एक जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.