फोन को लेकर टूटी 12 साल की दोस्ती, ले ली दोस्त की जान
फरीदाबाद। 12 सालों की लम्बी दोस्ती के बीच मोबाइल फोन बाधा बन गया और देखते ही देखते एक दोस्त ने अपने ही दोस्त को पहाड़ों से धक्का देकर उसकी हत्या कर दी। फरीदाबाद में हुई राजकुमार (17) हत्याकांड में यह खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोस्त मुफीद (18) ने फोन को लेकर हुए विवाद में राजकुमार की हत्या की थी। राजकुमार सिरोही गांव में झील के पास सेल्फी ले रहा था, ये फोटोज मुफीद को अच्छे लगे तो उसने मोबाइल मांगा। राजकुमार ने अपना मोबाइल देने से मना कर दिया, इसके बाद ही दोनों के बीच विवाद हुआ था। मुफीद ने गुस्से में राजकुमार को 72 फीट ऊंचे पहाड़ से धक्का दे दिया। राजकुमार खाई में पत्थरों के बीच जा गिरा, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी करीब 20 घंटे तक परिजनों और पुलिस को राजकुमार के झील में डूबने की झूठी कहानी सुनाकर गुमराह करता रहा। वह पुलिस के साथ मिलकर झील में उसकी तलाश भी कराता रहा। दोनों की करीब 12 साल से दोस्ती थी। बार-बार बयान बदलने पर पुलिस को उस पर शक हुआ।
सख्ती से पूछताछ की तो उसने हत्या की बात कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर राजकुमार का शव मंगलवार रात झील से करीब 200 मीटर दूर पत्थरों के बीच से बरामद हुआ। पुलिस ने मुफीद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बुधवार को उसे अदालत में पेश किया, जहा से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस जांच के अनुसार 4 अक्टूबर की शाम मुफीद, राजकुमार को साथ लेकर सिरोही में बनी झील के सेल्फी पॉइंट पर पहुंचा। यहां राजकुमार ने अपने फोन से कुछ सेल्फी लीं। फोन का कैमरा अच्छा लगा तो मुफीद ने राजकुमार से फोन मांगा, लेकिन उसने देने से मना कर दिया। फोन देने से इनकार करने पर दोनों में विवाद बढ़ गया। मुफीद ने राजकुमार से फोन लेने की कोशिश की। इसी दौरान फोन हाथ से छूटकर नीचे गिर गया और टूट गया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद और बढ़ गया। पुलिस के अनुसार, इसी बात से नाराज मुफीद ने मौका मिलते ही राजकुमार को सेल्फी पॉइंट से करीब 72 फीट नीचे खाई में धक्का दे दिया।
इसके बाद राजकुमार का टूटा हुआ फोन भी झील में फेंक दिया। घटना के बाद रविवार शाम से सोमवार तक एसडीआरएफ टीम और स्थानीय गोताखोर झील में राजकुमार की तलाश करते रहे, लेकिन उसका पता नहीं चला। पुलिस के मुताबिक, मुफीद लगातार बयान बदल रहा था। इससे पुलिस को उस पर शक हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या की बात कबूल कर ली। राजकुमार के पिता गौरेलाल ने बताया कि आरोपी मुफीद उनके पड़ोस में ही रहता है। राजकुमार और मुफीद करीब 12 साल से दोस्त थे। 4 अक्टूबर की शाम मुफीद ने फोन कर राजकुमार को बुलाया था। देर तक राजकुमार घर नहीं लौटा तो गौरेलाल मुफीद के घर पहुंचे। वहां मुफीद ने बताया कि राजकुमार झील में डूब गया है। पुलिस के अनुसार, राजकुमार का परिवार पिछले 20 साल से सिरोही गांव में किराए के मकान में रह रहा है। परिवार मूल रूप से मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ का रहने वाला है। पिता गौरेलाल चिनाई मिस्त्री हैं। राजकुमार के तीन बड़े भाई संजय, करण और अर्जुन और एक छोटा भाई वेद है। सभी मजदूरी करते हैं और अविवाहित हैं।
