बच्चों में आत्मविश्वास और कल्पनाशक्ति बढ़ाती हैं प्रतियोगिताएं : राजेश नागर
फरीदाबाद। सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्रैंड कोलंबस स्कूल, फरीदाबाद में जिला स्तरीय रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में डेढ़ दर्जन से अधिक स्कूलों के प्रतिभावान विद्यार्थियों ने अपनी कला, कल्पनाशीलता और रचनात्मक सोच का शानदार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर हरियाणा सरकार में मंत्री राजेश नागर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई रंगोलियों का अवलोकन करते हुए उनकी प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इनमें कक्षा 3-4 वर्ग में प्रथम स्थान ग्रैंड कोलंबस इंटरनेशनल स्कूल की श्रुति ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान एमवीएन सेक्टर-17 की लाव्या तथा तृतीय स्थान ग्रैंड कोलंबस इंटरनेशनल स्कूल की मेगर भारद्वाज ने प्राप्त किया।
सांत्वना पुरस्कार सैफ्रन पब्लिक स्कूल की काव्या सिंह को मिला। वहीं कक्षा 6-8 वर्ग में प्रथम एवं द्वितीय स्थान क्रमश: सैफ्रन पब्लिक स्कूल की प्रियांशी गर्ग और जिग्यासा बडाइक ने प्राप्त किया। तृतीय स्थान महादेव देसाई पब्लिक स्कूल की परी सिंह ने हासिल किया, जबकि सांत्वना पुरस्कार ग्रैंड कोलंबस इंटरनेशनल स्कूल के मनवीर सिंह को मिला। इसी प्रकार कक्षा 9-11 वर्ग में प्रथम स्थान आइडियल पब्लिक स्कूल के विशाल निषाद ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान ग्रैंड कोलंबस इंटरनेशनल स्कूल की अवनी परमार तथा तृतीय स्थान रावल पब्लिक स्कूल की दीक्षा जांघड़ा ने प्राप्त किया। सांत्वना पुरस्कार ग्रैंड कोलंबस इंटरनेशनल स्कूल की मिहिरा को मिला। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशक्ति और मेहनत के बल पर ऐसी सुंदर रंगोलियां तैयार कीं, जिन्होंने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। मंत्री राजेश नागर ने कहा कि बच्चों के भीतर छिपी असीम प्रतिभा और ऊर्जा ही हमारे उज्ज्वल भविष्य की नींव है।
विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ कला, संस्कृति, खेल और रचनात्मक गतिविधियों में भी आगे बढऩे के अवसर मिलना आवश्यक है। ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उनकी कल्पनाशक्ति और रचनात्मक क्षमता को भी नई दिशा देती हैं। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग में सकारात्मक सोच, सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। ग्रैंड कोलंबस इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंध निदेशक सुरेश चंदर ने कहा कि मेरे सपनों का भारत जैसे विषय विद्यार्थियों को एक जिम्मेदार, संवेदनशील, सशक्त और प्रगतिशील भारत के निर्माण में अपनी भूमिका समझने के लिए प्रेरित करते हैं। इस अवसर पर ग्रैंड कोलंबस इंटरनेशनल स्कूल एडमिन डायरेक्टर हार्दिक सोरायन, प्रधानाचार्या रूपम सचदेवा, शिक्षाविद् सुदेश गुप्ता, सुभाष सोरायन, एस.एस. चौधरी, एच.एस. मलिक, एस.एस. गोसाईं आरडब्ल्यूए सेक्टर 16 ए के महासचिव अजय गुप्ता, विजय जिंदल आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
