गांधी जयंती पर फरीदाबाद जिले की ग्राम पंचायतों में आयोजित हुई विशेष ग्राम सभाएं

- स्वच्छता, ग्रामीण विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं और आगामी विकास कार्यों को लेकर ग्रामीणों ने रखे सुझाव

फरीदाबाद । महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर जिला फरीदाबाद की सभी 100 ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। ग्राम सभाओं में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए गांवों की स्वच्छता, विकास कार्यों, मूलभूत सुविधाओं, सरकारी योजनाओं तथा ग्रामीण विकास की आगामी प्राथमिकताओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।

ग्राम सभा के माध्यम से ग्रामीणों को गांव के विकास से जुड़े निर्णयों में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान ग्रामीणों से स्थानीय आवश्यकताओं के संबंध में सुझाव लिए गए तथा विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी भी साझा की गई।

‘स्वच्छता ही सेवा’ का संदेश, स्वच्छ गांव बनाने का लिया संकल्प :

विशेष ग्राम सभाओं के दौरान ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत ग्रामीणों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने स्वच्छता की शपथ ली। ग्रामीणों को अपने गांव को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाने तथा कचरे का उचित प्रबंधन करने के लिए जागरूक किया गया। इस दौरान यह संदेश दिया गया कि गांव की स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक ग्रामीण की सामूहिक जिम्मेदारी है।

पीपुल्स प्लान कैंपेन के तहत गांवों की जरूरतों पर हुआ मंथन :

ग्राम सभाओं में पीपुल्स प्लान कैंपेन के अंतर्गत ग्रामीणों से गांव के समग्र विकास को लेकर सुझाव प्राप्त किए गए। ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, स्वच्छता, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य स्थानीय आवश्यकताओं से संबंधित अपनी प्राथमिकताएं रखीं। प्राप्त सुझावों के आधार पर ग्राम पंचायत स्तर पर आगामी विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करने पर जोर दिया गया।

सेवा संकल्प अभियान के कार्यों की भी हुई समीक्षा :

ग्राम सभाओं में सेवा संकल्प अभियान के तहत संचालित जनकल्याणकारी गतिविधियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी। साथ ही, ऐसे पात्र नागरिकों की पहचान करने पर जोर दिया गया, जो किसी कारणवश अभी तक सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त नहीं कर पाए हैं।

पीपीपी से जुड़े कार्यों और लाभार्थियों के सत्यापन पर विशेष जोर :

इस दौरान परिवार पहचान पत्र (PPP) से संबंधित कार्यों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के सत्यापन की स्थिति की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को निर्देश दिए गए कि पात्र लाभार्थियों का सत्यापन समयबद्ध तरीके से पूरा करवाया जाए, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ सही व्यक्ति तक पहुंच सके।

विकास कार्यों की प्रगति पर ग्रामीणों के साथ किया गया संवाद :

विशेष ग्राम सभाओं में गांवों में चल रहे विकास कार्यों तथा पूर्ण हो चुके कार्यों की स्थिति पर भी चर्चा की गई। पंचायत प्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली गई। वहीं, भविष्य में किए जाने वाले विकास कार्यों को ग्रामीणों की आवश्यकता एवं प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित करने पर बल दिया गया।

ग्राम सभा ग्रामीणों की सहभागिता से विकास की योजना बनाने का प्रभावी माध्यम : शिखा

मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद, फरीदाबाद शिखा ने कहा कि ग्राम सभा ग्रामीण लोकतंत्र का महत्वपूर्ण आधार है। इसके माध्यम से ग्रामीण अपने गांव की आवश्यकताओं, समस्याओं और विकास संबंधी प्राथमिकताओं को सीधे सामने रख सकते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे ग्राम सभाओं में बढ़-चढ़कर भाग लें और गांव के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर ग्रामीणों के सुझावों को शामिल कर तैयार की गई विकास योजनाएं गांव की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप अधिक प्रभावी साबित होती हैं। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों को ग्राम सभाओं में सामने आए सुझावों एवं समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर संबंधित खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, पंचायत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.