26 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर आयोजित धरने में शामिल होंगे हरियाणा के एलपीजी वितरक
एलपीजी वितरकों के सम्मेलन में लिया फैसला, नहीं मानी सरकार तो हड़ताल पर जाएंगे
फरीदाबाद। एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन (आई) द्वारा 26 अक्टूबर 2026 को जंतर मंतर पर आयोजित धरना प्रदर्शन में हरियाणा के वितरक शामिल होंगे। यह फैसला एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन (आई) द्वारा आज फरीदाबाद के होटल महालक्ष्मी में आयोजित एलपीजी वितरकों के सम्मेलन में लिया गया। सम्मेलन में दिल्ली, फरीदाबाद, रोहतक, पानीपत, भिवानी, सोनीपत, समालखा मेवात, गाजियाबाद, फरीदकोट/मोंगा (पीबी) एवं आसपास के तीनो ऑइल कंपनियां आईओसी, बीपीसी, एचपीसी के वितरक शामिल हुए। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय अध्यक्ष बीएस शर्मा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के.के. धनोतिया गुरपाल सिंह मान, फरीदाबाद से आशुतोष गर्ग, नीरज आहूजा, सुमित गौड़, अशोक मंगला विशेष रूप से शामिल थे।
सम्मेलन में सभी वितरकों द्वारा 26 अक्टूबर 2026 को जंतर मंतर नई दिल्ली में आयोजित धरना एवं प्रदर्शन के संबंध में निर्णय लिया गया है कि सभी तीनो ऑइल कंपनियां के न्यू गैस कनेक्शन खोले जाए, अडानी को महत्व देकर जनता तथा डीलर्स के जेब पर डाका डालना बंद करे। एलपीजी वितरक, होम डिलीवरी एवं प्रशासकीय शुल्क में 75 रुपए की वृद्धि, पीएनजी की अनिवार्यता को तत्काल समाप्त करने के विरुद्ध संघर्ष जारी रखेंगे। एसो. ने बताया कि 26 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर विशाल शांति प्रदर्शन करेंगे। इस प्रदर्शन में पूरे देश से एलपीजी गैस डीलर्स शामिल होंगे, अगर इस प्रदर्शन से सरकार नहीं मानी तो हड़ताल जैसे कठोर कदम उठाएंगे। एसोसिएशन के अध्यक्ष ने जानकारी दी कि सरकार निजी कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए 24 मार्च 2026 को पीएनजी आदेश जारी किया है कि जिस क्षेत्र में पीएनजी पाइपलाइन उपलब्ध रहेगी उस क्षेत्र के एलपीजी उपभोक्ताओं की एलपीजी रिफिल आपूर्ति बंद कर दी जाएगी, यह उपभोक्ताओं के मौलिक अधिकारों का हनन है, और पूरी योजना प्राइवेट कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए बनाई गई है। सभी एलपीजी वितरक एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन (आई)द्वारा आयोजित प्रदर्शन में शामिल होकर अपनी मांगों को बुलंद करेंगे।
