लोकतंत्र की आवाज दबाने का काम कर रही है भाजपा सरकार : जयप्रकाश

कांग्रेस कमेटी ने फूंका मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला, की गिरफ्तारी की मांग

फरीदाबाद।  मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उन्हें तुरंत गिरफ्तार करने की मांग को लेकर आज जिला कांग्रेस कमेटी फरीदाबाद के कार्यकर्ता व पदाधिकारियों ने सेक्टर-12 लघु सचिवालय पर जोरदार प्रदर्शन किया और चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। इस अवसर पर हिसार के सांसद जयप्रकाश प्रभारी के तौर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने किया। कांग्रेसी तयशुदा कार्यक्रम के अनुसार सेक्टर-12 पेट्रोल पंप पर एकत्रित हुए और वहां से पैदल चलते हुए हाथों में झंडा लेकर ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारे लगाते हुए जिला लघु सचिवालय पर पहुंचे और जमकर नारेबाजी करते हुए ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उन्हें तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की। इसके बाद ज्ञानेश कुमार का पुतला भी जलाया गया। इस प्रदर्शन में हिसार के सांसद जयप्रकाश, पृथला विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक रघुवीर तेवतिया, पूर्व विधायक नीरज शर्मा, पूर्व प्रत्याशी रोहित नागर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि हिसार के सांसद जय प्रकाश ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कुछ दिन पहले हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर वोट चोरी का आरोप लगाया था।

उन्होंने कहा कि उस समय लोगों के मन में सवाल था कि राहुल गांधी किन आधारों पर यह बात कह रहे हैं, लेकिन अब चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों के सामने आने के बाद कांग्रेस के सवाल और गंभीर हो गए हैं। जयप्रकाश ने एसआईआर को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के तीन सदस्यों में से दो चुनाव आयुक्तों की ओर से कुछ फैसलों और प्रक्रियाओं को लेकर आपत्तियां सामने आई हैं।  कांग्रेस का कहना है कि मतदाता सूची में नाम जोडऩे और हटाने सहित चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मामलों में पारदर्शिता होनी चाहिए। चुनाव आयोग अपनी ओर से चुनाव प्रक्रिया को संवैधानिक जिम्मेदारी के तहत संचालित करने की बात कहता है। सांसद जयप्रकाश ने 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव के मतदान प्रतिशत को लेकर भी सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि मतदान के आंकड़ों में हुई बढ़ोतरी का स्पष्ट जवाब मिलना चाहिए। कांग्रेस का आरोप है कि फरीदाबाद, पलवल और जीटी रोड बेल्ट के क्षेत्रों में कांग्रेस के उम्मीदवारों को नुकसान पहुंचा। उन्होंने इन आरोपों की जांच कराने की मांग की। सांसद राहुल गांधी लगातार कहते रहे कि ज्ञानेश कुमार नरेंद्र मोदी के एजेंट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने साजिश के तहत भारतीय चुनाव ढांचे को ध्वस्त करने का काम किया है। चुनाव सूची पूरी तरह से चुनाव आयोग और आई टी विभाग द्वारा कंट्रोल की जा रही है और मनमाने तरीके से वोट जोड़े और काटे जा रहे हैं। ज्ञानेश कुमार देश के लोकतंत्र को कुचल रहे हैं और उन्हें तत्काल प्रभाव से इस्तीफा देना चाहिए। कांग्रेस विधायक रघुबीर सिंह तेवतिया ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने भाजपा के साथ मिलीभगत कर हरियाणा समेत पूरे देश में निर्वाचन प्रक्रिया में धांधली की है।

उनकी मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ना केवल तत्काल इस्तीनफा दें बल्कि उन्हें गिरफ्तार किया जाए। उनके कार्यकाल में लिए गए चुनाव संबंधी निर्णयों की व्यापक समीक्षा की जाए। जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने देश के संविधान और लोकतंत्र को कुचलने का काम किया है और उन्हें तत्काल बर्खास्त किया जाना चाहिए। कांग्रेस देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए सडक़ से संसद तक संघर्ष करेगी। इस प्रदर्शन में बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मनोज अग्रवाल, विनोद कौशिक, अब्दुल गफ्फार कुरैशी, पूर्व पार्षद योगेश ढींगड़ा, युवा जिलाध्यक्ष विकास दायमा, पूर्व पार्षद रोहित सिंगला, विधान प्रताप सिंह, डा. सौरभ शर्मा, अनिल शर्मा, वेद प्रकाश यादव, रेणू चौहान, अशोक रावल, उमेश कौशिक, बाबूलाल रवि, गौरव ढींगड़ा, सुंदर नेता, ईशांत कथूरिया, विकास फागना, अजीत भाटी, सुनीता फागना सहित अनेकों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.