सीएम नायब सिंह सैनी करेंगे ‘नशा-मुक्त हरियाणा फरीदाबाद नमो मैराथन-2026’ का फ्लैग ऑफ
- ‘नशा-मुक्त हरियाणा फरीदाबाद नमो मैराथन-2026’ की तैयारियां पूरी : डीसी आयुष सिन्हा - रविवार सुबह शुरू होगा मैराथन का रोमांच, 21 किमी दौड़ 6:15 और 10 किमी दौड़ 6:30 बजे होगी शुरू
डीसी आयुष सिन्हा ने कार्यक्रम स्थल पर मुख्य मंच, प्रतिभागियों के लिए प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, पार्किंग, बैरिकेडिंग, पेयजल, चिकित्सा एवं एंबुलेंस व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा, विद्युत आपूर्ति, यातायात प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा ‘नशा-मुक्त हरियाणा फरीदाबाद नमो मैराथन-2026’की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मैराथन को फ्लैग ऑफ करेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, हरियाणा सरकार में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, शहरी स्थानीय निकाय एवं नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले तथा मुद्रण एवं स्टेशनरी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राजेश नागर, बल्लभगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा, बड़खल विधायक धनेश अदलखा तथा एनआईटी फरीदबाद विधायक सतीश फागना की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा से जुड़े विभिन्न खेल, कला, सांस्कृतिक और फिल्म जगत के जाने-माने लोगों और भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन सहित अन्य कई प्रमुख हस्तियों ने भी इस पहल को अपना समर्थन दिया है।
डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि फरीदाबाद हाफ मैराथन में 21 किलोमीटर दौड़ का प्रारंभ प्रातः 6:15 बजे, 10 किलोमीटर दौड़ का प्रारंभ प्रातः 06:30 बजे तथा 5 किलोमीटर फन रन का प्रारंभ प्रातः 7:00 बजे होगा। सभी प्रतिभागियों को अपनी निर्धारित दौड़ के प्रारंभ समय से कम से कम 60 मिनट पहले आयोजन स्थल पर पहुंचना होगा, जबकि आयोजन स्थल के गेट प्रातः 5 बजे खोल दिए जाएंगे।
डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 का आयोजन युवाओं और आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशे से दूर रहने का संदेश देने के उद्देश्य से किया जा रहा है। मैराथन के माध्यम से ‘ड्रग-फ्री हरियाणा’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ नागरिकों को फिटनेस और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद नमो मैराथन में बड़ी संख्या में नागरिकों की भागीदारी स्वस्थ एवं नशा-मुक्त समाज के संकल्प को और मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे इस अभियान का हिस्सा बनें और नशा-मुक्त हरियाणा के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
निरिक्षण के दौरान एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, बड़खल एसडीएम त्रिलोक चंद, एचएसवीपी एस्टेट अधिकारी नवीन कुमार, ज्वाइंट कमिश्नर एमसीएफ अमित मान, सीटीएम अंकित कुमार, डीआईपीआरओ मूर्ति दलाल सहित अन्य सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।
