सरकार से नाराज़ कर्मचारी 12 दिसंबर को दिल्ली में करेंगे राष्ट्रीय कर्मचारी आक्रोश रैली : सुभाष लांबा
फरीदाबाद। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा की जिला कार्यकारिणी की बैठक जिला प्रधान करतार सिंह की अध्यक्षता में नगर निगम कार्यालय में संपन्न हुई। जिला सचिव बलबीर सिंह बालगुहेर द्वारा संचालित इस बैठक में अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष लांबा और ऑल हरियाणा पावर कारपोरेशनज वर्कर यूनियन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं एसकेएस जिला प्रभारी शब्बीर अहमद गनी के अलावा जिला एवं ब्लॉक कमेटियों व विभिन्न विभागीय संगठनों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री व जिला प्रधान करतार सिंह ने दावा किया कि 12 दिसंबर की कर्मचारी आक्रोश रैली में फरीदाबाद जिले से हजारों की संख्या में कर्मचारी भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि आक्रोश रैली की तैयारियों की शुरुआत पहली अक्टूबर को चिमनी बाई धर्मशाला में शहीद भगत सिंह के विचार और वर्तमान दौर में साम्राज्यवाद की चुनौती विषय पर सेमिनार आयोजित करके की जाएगी। बैठक में रिटायर्ड कर्मचारी संघ हरियाणा के 29-30 सितंबर के डीसी आफिस पड़ाव का समर्थन किया और इसमें शामिल होने का फैसला किया।
अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष लांबा ने कहा कि 12 दिसंबर की रैली पीएफआरडीए एक्ट / एनपीएस / यूपीएस समाप्त कर जनवरी,2004 से पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने, सभी प्रकार के आउटसोर्स, ठेका संविदा, दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को पक्का करने, ठेका प्रथा समाप्त करने, विभिन्न विभागों और पीएसयू में खाली पदों को नियमित और नियम से भरने,जन सेवाओं के निजीकरण पर रोक लगाने, चारों लेबर कोड्स व एनईपी वापस लेने, टीईटी लागू होने से पहले के शिक्षकों पर टीईटी पास करने की अनिवार्यता समाप्त करने, पेंशन वैलीडेशन एक्ट वापस लेने, पेंशन कम्युटेशन राशि 15 की बजाय 10 साल आठ महीने में रिकवर करने,65,70 व 75 साल की आयु होने पर बेसिक पेंशन में पांच प्रतिशत बढ़ोत्तरी करने आदि मांगों को लेकर की जा रही है।
उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ ने 8वें केंद्रीय वेतन आयोग को विस्तृत मांगों / सुझावों का ज्ञापन भेज दिया है। जिसमें 3.8 फिटमेंट फेक्टर, इन्क्रीमेंट की दर बढाकर 5 प्रतिशत करने, सबसे कम वेतन और अधिकतम वेतन का अनुपात 1:10 करने और वर्तमान एचआरए स्लैब को बदलकर 30,35 व 40 करने और एक करोड़ रूपए ब्याज मुक्त हाऊस बिल्डिंग एडवांस देने की मांग की है। उन्होंने सरकार से आठवें पे कमीशन के टर्म ऑफ रेफरेंस में संशोधन कर ठेका संविदा कर्मियों के वेतन भत्तों बारे भी सिफारिश करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि रैली की तैयारियों को लेकर सभी राज्यों में तैयारियां शुरू हो चुकी है और सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा ने भी राज्य कार्यकारिणी की बैठक कर तैयारियां शुरू कर दी है। बैठक में सर्व कर्मचारी संघ व विभागीय संगठनों के कर्मचारी नेता जयपाल राठी, जगदीश चन्द्र,मुकेश बेनीवाल, अनिल चिंडालिया,दलीप बोहोत,कृष्ण कुमार कालीरमन,रामचरण, देवी सिंह,विजय चावला,अनूप चिंडालिया, सुरेश देवी,सोनू, महेंद्र, भूपसिंह कौशिक, प्रवेश बैंसला, रिंकू सिंह, प्रवीण आदि मौजूद थे।
